PM Modi Visit Punjab: गुरदासपुर आएंगे प्रधानमंत्री, बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, ये है कार्यक्रम का शेड्यूल
पीएम मोदी बुधवार को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। पंजाब में बाढ़ त्रासदी से बिगड़े हालातों को जानने के लिए पीएम हवाई सर्वे करेंगे। इसके बाद वे गुरदासपुर पहुंचेंगे जहां वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे।
विस्तार
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाढ़ प्रभावित पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। बुधवार को पीएम मोदी बाढ़ पीड़ितों का दर्द समझने और स्थिति का जायजा लेने पंजाब पहुंचेंगे। वे दोपहर करीब तीन बजे सूबे के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी हिमाचल प्रदेश में भी बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।
हवाई सर्वेक्षण के बाद पीएम शाम लगभग सवार चार बजे गुरदासपुर पहुंचेंगे। जहां वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ के हालातों पर चर्चा करेंगे और जमीनी स्थिति पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। वे गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे। पीएम के इस दौरे का मकसद इस कठिन समय में पंजाब के लोगों की सहायता के लिए राहत और पुनर्वास प्रयासों की बारीकी से निगरानी करना है।
पंजाब सरकार की ओर से उनके साथ कौन रहेगा, यह अभी तय नहीं हुआ है मगर पंजाब सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी से 20 हजार करोड़ के अंतरिम राहत पैकेज की मांग की है। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा कहते हैं कि मोदी का पंजाब में स्वागत है। सरकार उम्मीद करती है कि पंजाब के लिए दिल खोलकर राहत पैकेज का एलान करेंगे।
सरकार की मांग है कि वे पंजाब का पुराना 60 हजार करोड़ का बकाया भी रिलीज करवा दें ताकि बाढ़ की मार झेल रहे पंजाबियों की मदद की जा सके। उधर शिअद के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंद्र सिंह वड़िंग ने भी पीएम से दिल खोलकर पंजाब के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की है।
किसानों को मिले 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा : बादल
शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत सामग्री के साथ-साथ गेंहू की फसल के लिए प्रमाणित बीज के प्रावधान सहित पार्टी कार्यक्रम की घोषणा की है। उन्होंने किसानों के लिए 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की है। बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने राज्य के दौरे के दौरान पंजाब के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की बाढ़ राहत और पुनर्वास पैकेज की घोषणा करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण स्तर पर वितरण के लिए 500 ट्रक मक्के का साइलेज बुक किया है। 500 ट्रक कम्प्रेस्ड चारा खरीदने की व्यवस्था कर ली गई है। पार्टी ने 500 फॉगिंग मशीनें खरीदी हैं, जिन्हें बाढ़ प्रभावित इलाकों में वितरित किया जाएगा और मलेरिया और अन्य बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित किया जाएगा।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी न केवल राहत सामग्री मुहैया करवाएगी, बल्कि भविष्य की चिंता करते हुए कहा, शिअद एक लाख एकड़ जमीन के लिए किसानों को प्रमाणित गेंहू के बीज वितरित करेगा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राशन की जरूरतों को पूरा करने के लिए 30 हजार क्विंटल बीज वितरित किए जाएंगे।