संगरूर में उपचुनाव की आहट: भगवंत मान के इस्तीफे के बाद कई नेता बहती गंगा में हाथ धोने को आतुर, विस चुनाव में जीत का दिखेगा असर
विधानसभा चुनाव के नतीजों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो तमाम विरोधी दल, आम आदमी पार्टी के आसपास भी नहीं ठहरते हैं। बल्कि संगरूर और बरनाला में आप की चली आंधी में तमाम विपक्षी दल, ताश के पत्तों की माफिक उड़ गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ से पहले भगवंत मान सोमवार को संगरूर के सांसद पद से इस्तीफा देने दिल्ली पहुंचे। इसी के साथ संगरूर लोकसभा सीट पर उपचुनाव की आहट तेज हो गई है। पंजाब में आप के पक्ष में बनी जबरदस्त लहर का असर भविष्य में होने वाले इस उपचुनाव पर पड़ने की प्रबल संभावना अभी से जताई जा रही है। संगरूर संसदीय सीट के अंर्तगत आने वाली सभी नौ विधानसभा सीटों पर तो आप का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है। सुनाम सीट पर आप ने पंजाब में सबसे बडे़ अंतर (75 हजार वोट से ज्यादा) से जीत दर्ज की है। आप ने इन नौ विस सीटों पर 53 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल किए हैं।
आप को मिले साढ़े छह लाख वोट, औंधे मुंह गिरे विरोधी
विधानसभा चुनाव के नतीजों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो तमाम विरोधी दल, आम आदमी पार्टी के आसपास भी नहीं ठहरते हैं। बल्कि संगरूर और बरनाला में आप की चली आंधी में तमाम विपक्षी दल, ताश के पत्तों की माफिक उड़ गए हैं। आम आदमी पार्टी को कांग्रेस से सवा चार लाख और अकाली दल से पांच लाख वोट ज्यादा मिले हैं।
संगरूर संसदीय इलाके में नौ विधानसभा क्षेत्र मालेरकोटला, धूरी, संगरूर, सुनाम, दिड़बा, लहरागागा, बरनाला, भदौड़ और महलकलां आते हैं। इन सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी ने बडे़ अंतर से जीत दर्ज की है। इन नौ विस क्षेत्रों में कुल 12 लाख नौ हजार वोट डाले गए और इनमें 6 लाख 43 हजार से ज्यादा वोट आप को हासिल हुए। जोकि कुल वोट का करीब 53 फीसदी से अधिक बनता है। कांग्रेस को दो लाख 18 हजार, अकाली दल को एक लाख 41 हजार, भाजपा गठबंधन को 86 हजार और अकाली दल अमृतसर को करीब 76 हजार वोट मिले हैं।
बहती गंगा में हाथ धोने के आतुर हैं कई नेता
आप के पक्ष में बनी जबरदस्त लहर के चलते आप के कई नेता बहती गंगा में हाथ धोने को आतुर हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी यहां से भगवंत मान के किसी विश्वस्त नेता या करीबी सेलीब्रिटी को उपचुनाव में उतार सकती है। विस टिकट से वंचित किसी नेता पर भी पार्टी दांव खेल सकती है। पार्टी का मानना है कि भगवंत मान, मुद्दे उठाने में माहिर हैं लिहाजा संसद में जोरदार ढंग से मुद्दे उठाने वाला नेता ही पहुंचे।
भगवंत मान की पोस्ट के निकाले जा रहे गहरे मायने
भगवंत मान ने दिल्ली जाने से पहले ट्वीट किया था कि मैं संगरूर के लोगों से वायदा करता हूं कि कुछ माह में उनकी आवाज फिर से लोकसभा में गूंजेगी, अब पंजाब की सेवा करने का मौका मिला है। इस ट्वीट के गहरे मायने निकाले जा रहे हैं। मान ने संकेत दिए हैं कि आप ही संसद में इस इलाके का प्रतिनिधित्व करने जा रही है और कोई तेजतर्रार नेता इस भूमिका में आने वाला है।