तरनतारन: पाकिस्तान से फिर आया ड्रोन, सीमा सुरक्षा बल ने 19 राउंड फायरिंग कर गिराया
सीमा सुरक्षा बल और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध वस्तु तो ड्रोन के माध्यम से नहीं भेजी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पाकिस्तान से एक बार फिर ड्रोन भारत की सीमा में घुस आया। मंगलवार-बुधवार की आधी रात करीब 2.50 बजे ड्रोन पाकिस्तान की ओर से बीओपी हवेलियां भेजा गया। बीएसएफ ने लगभग 19 राउंड फायर कर ड्रोन को गिरा दिया। इसकी पुष्टि बीएसएफ प्रवक्ता ने की है।
सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता ने बताया कि उनकी टीम बीओपी हवेलियां में तैनात थी। तभी पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन भारत की सीमा में घुस आया। बल के जवानों की तरफ से 19 राउंड फायरिंग कर ड्रोन को गिरा दिया गया। ड्रोन चीनी कंपनी द्वारा निर्मित है और इसका मॉडल वीएम 3315 है। ड्रोन को जब्त कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध वस्तु तो ड्रोन के माध्यम से नहीं भेजी गई है। फिलहाल, किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की बीएसएफ द्वारा आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि ड्रोन किसी किसान के खेत में मिला था।
रविवार-सोमवार को भी आया था ड्रोन
इससे पहले रविवार-सोमवार की आधी रात को तरनतारन में भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तान ड्रोन को गिराया था। इस दौरान लगभग 48 राउंड फायरिंग की गई थी। बीएसएफ ने ड्रोन समेत चार पैकेट हेरोइन बरामद किए थे। इसमें लगभग पांच किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ आंकी गई है।बीएसएफ ने सरहद से पकड़ी नौ किलो हेरोइन
फिरोजपुर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सरहद से दो बैग में भरी नौ किलो हेरोइन बरामद की है। इसकी कीमत 45 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह हेरोइन किसी भारतीय तस्कर ने पाक तस्करों से मंगवाई थी, जो बीएसएफ के हाथ लग गई। यह घटना बुधवार सुबह फिरोजपुर सेक्टर के अंतर्गत बीएसएफ की बीओपी मबोके के पास घटी है। बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ रात के समय बटालियन-136 के जवान गश्त कर रहे थे। उन्हें रात के समय पाकिस्तानी तस्करों की हरकत महसूस हुई।
सुबह होने पर एरिया में स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाया गया। फेंसिंग पार भारतीय खेत में सफेद और नीले रंग के बैग में हेरोइन के नौ पैकेट पड़े मिले, जिन्हें पाक तस्कर रख कर गए थे। उनके भारतीय साथी वहां से ले सके। उक्त पैकेटों में हेरोइन का वजन नौ किलोग्राम आंका गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह फाजिल्का बीएसएफ सेक्टर और खेमकरण से करीब आठ पैकेट हेरोइन के बरामद हुए थे। बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सरहद पर जवानों की चौकसी बढ़ाई हुई है। पाक तस्कर अपने भारतीय साथियों तक हेरोइन की डिलीवरी देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। यही नहीं बीएसएफ पाक ड्रोन भी फायरिंग कर गिरा चुकी है।