वाराणसी के बाबतपुर में सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल्स के बाबतपुर कैंपस में मोटीवेशनल कार्यक्रम ऊर्जा 2019 का आयोजन किया गया। दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रथम सत्र में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर पीयूष चावला और दूसरे सत्र में आईआईटी भिलाई के निदेशक प्रो रजत मूना मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार सामूहिक गीत एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पीयूष चावला से सफलता के सूत्रों को जाना। उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए चावला ने कहा कि जीवन एक रेस है और हमें रेस जीतने के लिए घोडे़ जैसी मेहनत करनी चाहिए। मेहनत करने वाले हमेशा सफल होते हैं। उन्होंने कहा कि जो बच्चे खेल में ज्यादा रुचि रखते हैं, उन्हें साथ-साथ पढ़ाई में भी रुचि बढ़ानी चाहिए। खेल और पढ़ाई के सामंजस्य से एक अच्छे व्यक्तित्व का निर्माण होता है।
ऊर्जा 2019 के इस आयोजन के अवसर पर स्कूल के इंटरैक्ट क्लब द्वारा शुरू किए गए नए प्रयास ‘क्लॉथ डोनेशन ड्राइव’ का शुभारंभ क्रिकेटर पीयूष चावला ने किया। इंटरैक्ट क्लब द्वारा शुरू की गई इस मुहिम के बारे में क्लब के प्रेसिडेंट कुशाग्र एवं सेक्रेटरी जाह्न्हवी ने बताया कि इस मुहिम के अंतर्गत इंटरैक्ट क्लब स्कूल एवं अपने आस-पास के लोगों से उनके अनुपयोगी कपड़ों को लेकर जरूरतमंदो को देगा।
इस दौरान चीन में तीरंदाजी में रजत पदक जीतकर भारत का नाम रौशन करने वाले जैपुरिया स्कूल बाबतपुर कैंपस के छात्र आदित्य सिंह राठौर को उसकी विशेष उपलब्धियों के लिए चावला ने स्मृति चिह्न प्रदान किया।
पीयूष चावला ने बच्चों संग खेला क्रिकेट :
ऊर्जा 2019 के अवसर पर पीयूष चावला ने बच्चों संग क्रिकेट मैच भी खेला। अपनी बालिंग से बैट्समैन को परेशान करने वाले इंडियन क्रिकेट टीम के गेंदबाज पीयूष चावला ने पिच पर उतरते ही उन्होंने गेंदबाजी की और बच्चों को कुछ गेंदबाजी के गुण भी बताए। गेंदबाजी के साथ चावला ने बल्ले पर भी हाथ आजमाया।