उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक महिला की गला दबा कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात को शहर के एक होटल में अंजाम दिया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस के शक की सुई मृतका की सहकर्मी और उसके पति के इर्द-गिर्द घूम रही है। पुलिस ने जगतगंज स्थित होटल डे विला इन में ठहरी शिल्पा की हत्या की गुत्थी काफी हद तक सीसी कैमरे की फुटेज ने सुलझा दी है। सीसीटीवी फुटेज में शिल्पा की सहकर्मी और उसके पति की सभी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई हैं। पढ़ें आगे की स्लाइड्स में....
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार कमरा नंबर 102 में सोमवार की सुबह 5:30 बजे के लगभग हेमलता और नसीम घुसे। छह बजे के लगभग दोनों बाहर निकले और दरवाजे को बाहर से खींच कर अपने कमरा नंबर 203 में गए। इसके बाद 6:15 बजे के लगभग दोनों होटल से चेक आउट कर कहीं चले गए। तफ्तीश कर रही चेतगंज पुलिस के अनुसार साढ़े पांच से छह बजे के बीच ही हेमलता और नसीम ने शिल्पा की हत्या की है। इसके बाद दोनों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
चेतगंज पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि केएस इवेंट्स फर्म को वाराणसी के कई होटलों से लगातार इवेंट मैनेजमेंट के काम मिलते रहते हैं। इस सिलसिले में शिल्पा का अकसर वाराणसी आना होता था। शिल्पा और हेमलता दोनों पांच साल से केएस इवेंट्स फर्म से जुड़ी हुई थी। शिल्पा इधर जब भी बनारस आती थी तो बीते पांच महीने से जगतगंज में खुले होटल डे विला इन में ही ठहरती थी।
शिल्पा की फर्म में काम करने वाले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी पंकज ने बताया कि वो एक सस्ते गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था। होटल का खाना महंगा होने के कारण शिल्पा और हेमलता के लिए वो खाना और नाश्ता बाहर से लाकर देता था। पंकज ने बताया कि 12 मई की रात वो खाना लेकर आया तो शिल्पा और हेमलता ने उसके साथ खाया लेकिन नसीम नहीं था। सुबह 10 बजे तक जब शिल्पा का फोन नहीं आया तो वो हालचाल लेने के साथ ही नाश्ता के बारे में पूछने के लिए होटल पहुंचा। लेकिन शिल्पा का दरवाजा नहीं खुला। इस पर पंकज ने होटल स्टाफ ने मास्टर कार्ड से दरवाजा खोलवाया तो शिल्पा बेड पर मृत पड़ी हुई थी।
उधर, इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि शिल्पा की हत्या की जानकारी उनके पति अमित को दे दी गई है। अमित मंगलवार को वाराणसी आ रहे है। इवेंट फर्म के संचालक और पंकज से भी बातचीत की गई लेकिन वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस होटल के मैनेजर सहित अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। हेमलता और नसीम की गिरफ्तारी के लिए शहर के सभी बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बाबतपुर एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी किया गया है।