बलिया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गोरक्ष प्रान्त का 59वां प्रंतीय अधिवेशन नगर से सटे नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर माल्देपुर में शुरू हुआ। एबीवीपी के इस तीन दिवसीय अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस लेने की ओर बढ़ रहा देश: डिप्टी सीएम केशव मौर्य
मातृ शक्ति के प्रति आदर के भाव में गिरावट आई
महिला हिंसा पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा है। निर्भया, हैदराबाद और उन्नाव कांड जैसी घटनाएं सुनने को मिल रहीं हैं। सवाल उठाया कि इसके पीछे क्या कारण है। हमारे समाज में पहले एक रिश्ता हुआ करता था। इस परंपरा को बनाए रखने की जरूरत है।पहले गांव की एक बेटी पूरे गांव की बेटी मानी जाती थी। तब समाज में पवित्र रिश्ता था। यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि मातृ शक्ति के प्रति आदर के भाव में गिरावट आई है। मातृ शक्ति के प्रति फिर से सम्मान पैदा हो, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देश के कुछ हिस्सों में नागरिकता संसोधन बिल को लेकर आंदोलन चल रहे हैं, इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। आंदोलन के पीछे हवा देने को कुछ शक्तियां काम कर रही हैं। इनको उजागर करना होगा।
रेत पर उकेरी आकृतियों को डिप्टी सीएम ने निहारा
नागजी सरस्वती विद्या मंदिर माल्देपुर के प्रांगण में मशहूर कलाकार रूपेश सिंह ने मंगल पांडेय, चित्तू पांडेय व स्वामी विवेकानंद सहित महान विभूतियों की आकृति रेत पर बनाई थी। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं व अन्य अतिथियों ने रूपेश की मेहनत को खूब सराहा। काफी देर तक यह सेल्फी प्वाइंट बना रहा।
बोर्ड परीक्षा के टॉपरों के स्कूलों तक बनेगी पक्की सड़क
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बलिया में घोषणा किया कि जो बच्चे बोर्ड परीक्षा में टॉपर होंगे उनके घरों तक हम पक्की सड़क बनाने का काम करेंगे। यह निर्णय लिया जा चुका है। उस सड़क का नाम डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने अब यह भी निर्णय लिया है कि जिस विद्यालय से हाई स्कूल व इंटर में बच्चे टॉप करेंगे उस स्कूल तक भी पक्की सड़क प्रदेश सरकार बनाएगी।
व्यक्ति निर्माण में लगा है एबीवीपी
स्वागत भाषण करते हुए राजर्षि टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. केएन सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़ा छात्र संगठन एबीवीपी व्यक्ति निर्माण में लगा है। इस संगठन ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में आदर्श और मानक लोगों का समूह खड़ा किया है।
विद्यार्थी परिषद वर्तमान का नागरिक बनाती है। एबीवीपी के गोरक्ष प्रान्त के अध्यक्ष राजशरण शाही ने कहा समाज की चुनौतियों से निपटने के लिए एबीवीपी लगातार कार्य कर रही है। कहा कि विद्यालयों को परिवार में बदलने की जरूरत है।