होली पर रंगों से खेलना ज्यादातर लोगों को भाता है, लेकिन रंगों का बालों और त्वचा पर बुरा प्रभाव भी पड़ सकता है। इससे बचने के लिए महिला व युवतियां क्या करें और क्या नहीं, इसकी जानकारी दे रही हैं ब्यूटी एक्सपर्ट वेदांती अग्रवाल।
ब्यूटी एक्सपर्ट का कहना है कि रंगों की मस्ती में सुंदरता से समझौता न करें। होली खेलने के पहले कोहनी और शरीर के सूखे हिस्से पर वैसलीन जरूर लगा लें, तेल से चेहरे व शरीर पर अच्छे से मसाज करें ताकि तेल त्वचा में घुस जाए और त्वचा के ऊपर उसकी एक परत बन जाए। अगली स्लाइड पर क्लिक कर पढ़ें...।
चेहरे पर तेल लगाने के बाद मेकअप जरूर कर लें। इसके लिए चेहरे पर बेस लगा लें और उसको पाउडर से सेट कर लें, ताकि आप खूबसूरत भी लगें और आपकी त्वचा रंगों के नुकसान से भी सुरक्षित रहे। होंठों पर लिपस्टिक लगाने और आंखों पर मेकअप करने से आंखों व होंठों को सुरक्षा मिलती है।
होली के रसायन वाले रंगों से बालों को रूखा और बेजान होने से बचाने के लिए उसकी अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। इसलिए होली खेलने से पहले बालों को प्राकृतिक तेल जैसे जैतून या नारियल के तेल की मालिश जरूर करें।
सूखे रंगों से होली खेलने के बाद बालों को अच्छी तरह ब्रश कर लें। ब्रश करने मात्र से ही सिर पर जमे रंगों को हटाने में काफी मदद मिलती है। गीले रंगों से होली खेलने के बाद बालों से रंग निकालने के लिए पहले सादे पानी से बालों को अच्छी तरह धोएं, इसके बाद बालों से रंग साफ करने के लिए मग में पानी के साथ नींबू का रस मिला लें, फिर इससे बालों को धोएं। अब इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
रंग छुड़ाने के लिए स्क्रब का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। ये स्क्रब आप घर ही बना सकती हैं। इसके लिए दो चम्मच चोकर, एक चम्मच चंदन पाउडर, एक चम्मच चावल के आटे में थोड़ी सी खस-खस, कुछ बूंदे शहद और टमाटर का गूदा मिलाएं और इससे शरीर पर स्क्रब कर लें। इससे रंग साफ होगा और त्वचा चमकदार व गोरी नजर आएगी।