बलिया जिले में मनियर नगर पंचायत की ईओ(अधिशासी अधिकारी, पीसीएस) मणि मंजरी राय के आत्महत्या मामले में भाई ने छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। भाई विजयानंद राय पुत्र जयठाकुर राय ने बुधवार को मनियर अध्यक्ष, सिकंदरपुर ईओ, टैक्स लिपिक, कंप्यूटर आपरेटर, ठेकेदार व चालक समेत अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया है कि बिना टेंडर कराए ही चेयरमैन ने फर्जी तरीके से 35 कार्यों की पत्रावली बनाकर कार्य कराने के लिए आदेश देने के लिए मेरी बहन पर दबाव बनाया और इसमें से 18 कार्य एक ही ठेकेदार को दे दिए।
महिला पीसीएस अधिकारी आत्महत्या: भाई ने छह लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर, लगाया ये आरोप
इसकी शिकायत मेरी बहन ने अपर जिलाधिकारी से की था। इन लोगों के लगातार दबाव व उत्पीड़न के कारण मेरी बहन ने छह जुलाई की रात आत्महत्या कर ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरी बहन गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के कनुवान गांव की निवासी है। मणि मंजरी राय नगर पंचायत मनियर बलिया में अधिशासी अधिकारी के पद पर पहली नियुक्ति थी, जहां मेरी बहन के ऊपर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं नगर पंचायत के कुछ कर्मचारी व ठेकेदार फर्जी काम करवाने और भुगतान कराने के लिए नाजायज दबाव बना रहे थे। इसका मणि मंजरी विरोध कर रही थी।
इसके चलते लोग मेरी बहन से नाराज रहते थे। इन लोगों के दबाव के चलते उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर तीन माह के लिए जिला मुख्यालय पर संबद्ध करा लिया था। फिर से नगर पंचायत मनियर में कार्यभार संभालने के बाद बिना मेरी बहन के जनकारी के चेयरमैन भीम गुप्ता, टैक्स लिपिक विनोद सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अखिलेश द्वारा मेरी बहन का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर शासन से पैसे मंगाए गए। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने विरोध किया। इसके अलावा मेरी बहन से चेयरमैन द्वारा बोर्ड प्रस्ताव की प्रत्याशा में दो करोड़ का 35 कार्यों का टेंडर फरवरी माह में आमंत्रित कराया गया था। लेकिन बोर्ड प्रस्ताव न आने के कारण टेंडर नहीं कराया गया। इसके बाद चेयरमैन ने बिना टेंडर कराए ही फर्जी तरीके से 35 कार्यों की पत्रावली बनाकर कार्य कराने के लिए आदेश देने के लिए मेरी बहन के ऊपर दबाव बनाने लगे।
इसमें से 18 कार्य एक ही ठेकेदार को चेयरमैन द्वारा दिया गए। इसकी शिकायत मेरी बहन ने अपर जिलाधिकारी बलिया से की थी। इसके लिए मेरी बहन के ऊपर संजय राव वर्तमान ईओ सिकंदरपुर भी दबाव बना रहे थे। इसके अलावा बहन की गाड़ी का चालक भी उन लोगों से मिला हुआ था। मणि मंजरी के ऊपर कुछ अज्ञात लोगों के फोन के माध्यम से फर्जी कार्य कराने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
इस बात की जानकारी मुझे तब होती थी, जब मैं बहन के यहां आता था, तब वह बताती थी। इसके अलावा फोन के माध्यम से भी दबाव बनाने और उत्पीड़न करने की बात बताती थी। भाई ने आरोप लगाया है कि इन लोगों के लगातार दबाव के कारण मेरी बहन आत्महत्या करने के लिए विवश हुई। पीड़ित ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस बाबत सीओ सिटी एके सिंह ने बताया कि ईओ के भाई द्वारा तहरीर प्राप्त हो गई आगे की कार्रवाई की जा रही है।