चौथी मंजिल से गिरकर पेंटर की मौत: मुआवजे के लिए मां-बहन का धरना, परिवार का इकलौता सहारा था आकाश; नहीं हैं पिता
जिले के कैंट क्षेत्र में नवनिर्मित मकान की चौथी मंजिल से गिरकर 19 वर्षीय पेंटर आकाश ठाकुर की मौत हो गई थी। सोमवार को मां और बहन ने मुआवजे की मांग को लेकर चार घंटे धरना दिया। परिवार ने ठेकेदार पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए 20 लाख रुपये मुआवजा मांगा है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कैंट थाना क्षेत्र के सेंट्रल जेल रोड स्थित सद्भावना बिहार कॉलोनी मोड़ के पास नवनिर्मित मकान में पेंटिंग का काम करते समय चौथी मंजिल से गिरकर 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद सोमवार को मृतक की मां और बहन ने न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर बिल्डिंग के पास चार घंटे तक धरना दिया। परिजनों ने ठेकेदार पर कम रकम देकर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। परिवार ने प्रशासन से 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
मूल रूप से चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र के कटेसर गांव निवासी आकाश ठाकुर (19) पेंटिंग का काम करता था। बीते सात नवंबर को वह सेंट्रल जेल रोड स्थित सद्भावना बिहार कॉलोनी मोड़ के पास एक नवनिर्मित मकान में पेंटिंग कर रहा था। इसी दौरान अचानक चौथी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य कामगारों और पुलिस की मदद से उसे तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
समझौते का दबाव बनाने का आरोप
आकाश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां रेखा देवी और बहन नैना का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन नैना ने बताया कि उनके पिता भरत की चार महीने पहले लंबी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता के निधन के बाद आकाश ही परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसी की कमाई से मां और बहन का भरण-पोषण होता था। अब उसकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ठेकेदार और अन्य लोग लगातार फोन कर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। कभी ढाई लाख तो कभी तीन से चार लाख रुपये देकर मामला खत्म करने की बात कही जा रही है। बहन नैना का कहना है कि इतनी कम रकम में मां और उसका जीवनयापन कैसे होगा। परिवार ने सरकार और प्रशासन से 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इस संबंध में उप निरीक्षक ऋतुराज मिश्रा ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर 14 नवंबर को निर्माण कार्य कराने वाले खालिद बशीर के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
