शामली में पोस्टमार्टम के बाद परिजन आकाश का शव एंबुलेंस में लेकर सीधे कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कोतवाली के सामने जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। पुलिस और मौके पर पहुंचे नेताओं ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब 9.30 बजे शव लेकर शिव चौक पहुंचे और वहां जाम लगा दिया। रात 10:00 बजे तक हंगामा जारी रहा।
PHOTOS: आकाश का शव देख फूट पड़ा गुस्सा, महिलाओं में मची चीख-पुकार, मां बोली- खून का बदला चाहिए खून
उन्होंने अधिकारियों के साथ मिलकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी भाजपा नेता और आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली युवती व उसके पिता की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक कोतवाली के बाहर हंगामा होता रहा। करीब साढ़े नौ बजे परिजन एंबुलेंस में ही शव लेकर शिव चौक के लिए चल दिए और वहां पहुंचकर मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस ने पैसे के लेन-देन का मामला छेड़छाड़ का बना दिया
आकाश की मां गीता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता के दबाव में पुलिस ने पूरा मामला ही पलट दिया। युवती के पिता को एक साल पहले एक लाख रुपये उधार दिए थे। जिन्हें वह लौटा नहीं रहा था। पैसे मांगने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी मिली। पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी और भाजपा नेता के दबाव में मामले को छेड़छाड़ का बनाकर उनके निर्दोष बेटे को जेल भेज दिया।
हमें खून का बदला खून चाहिए
आकाश का शव पहुंचने के बाद परिजन बिलख पड़े। पुलिस पर आकाश की हत्या करने का आरोप लगाते रहे। वह आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस दौरान आकाश की मां ने चीखते हुए कहा कि हम पुलिस के बहकावे में नहीं आएंगे। हमें खून का बदला खून चाहिए।
हमें पुलिस पर बिल्कुल नहीं भरोसा
पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के कई नेता पीड़ित परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने आकाश के बड़े भाई राहुल से बात करके आश्वासन दिया कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्हें शव घर ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए कहा, लेकिन राहुल ने कहा कि हमें पुलिस पर बिल्कुल भी भरोसा नहीं है। जिसके बाद मौके पर एकत्र लोग नारेबाजी करते हुए शिव चौक पर जाम लगाने के लिए चल दिए।