सहारनपुर में पूर्व एमएलसी और खनन माफिया हाजी इकबाल पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। दोनों भाइयों की अवैध संपत्ति पर मंगलवार को भी बड़ी कार्रवाई हुई। प्रशासन ने दोनों भाइयों की न्यू भगत सिंह कॉलोनी में स्थित तीन बड़ी कोठियों पर बुलडोजर चला दिया। इनमें सोमवार को हाजी इकबाल की दो कोठियों के अवैध हिस्सों को गिराया गया, जबकि महमूद अली की एक कोठी आज पूरी तरह जमींदोज की गई, इस कोठी पर पहले दिन करीब 30 फीसदी ही कार्रवाई हो सकी थी। आज सुबह से ही पुलिस प्रशासन की टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू कराई।
Bulldozer Action: तीन घंटे में खंडहर बनीं आलीशान कोठियां, दूसरे दिन भी गरजे बुलडोजर, हाजी इकबाल को लेकर अब ये बड़ी चर्चा
देखते ही देखते खंडहर बनीं कोठियां
हाजी इकबाल की एक कोठी करीब 450 वर्ग गज में बनी है, जो तीन मंजिला है। इस कोठी का मानचित्र के विपरीत बना हिस्सा गिराया गया है, जिसमें मेन गेट और साइड की दीवारें, खिड़कियां आदि शामिल हैं। ध्वस्तीकरण से पहले आलीशान दिख रही यह कोठी कार्रवाई के बाद खंडहर नजर आ रही है। इसी के बगल में बनी एक और दो मंजिला कोठी पर भी कार्रवाई की गई है।
महमूद अली की कोठियों पर आज चला बुलडोजर
महमूद अली की करीब 500 वर्ग गज की दो मंजिला कोठी इनमें सबसे शानदार थी, जहां लोगों का सबसे अधिक आना-जाना था। इस पर भी प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर चलवाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया। स्टील के मेन गेट वाली इस कोठी की चमकती खिड़कियां और दरवाजे इसकी भव्यता और सुंदरता को चार चांद लगा रहे थे, लेकिन ध्वस्तीकरण के बाद कोठी की सूरत पूरी तरह बदल गई है।
डेढ़ माह में 21 करोड़ की बेनामी संपत्ति हुई कुर्क
पिछले दिनों हाजी इकबाल पर एक महिला ने दुष्कर्म के आरोप में थाना मिर्जापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके साथ ही डेढ़ माह पूर्व प्रशासन ने हाजी इकबाल की 21 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क की थी। गैंगस्टर में वांछित हाजी इकबाल के पुत्र अलीशान, जावेद और अफजाल को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक बेटा वाजिद और हाजी इकबाल का भाई पूर्व एमएलसी महमूद अली वांछित चल रहा है। अब प्रशासन की रडार पर हाजी इकबाल की ग्लोकल यूनिवर्सिटी भी आ गई है, जिसको जल्द कुर्क किया जा सकता है।
-छह जुलाई 2019 में किरण मनचंदा पत्नी सुनील मनचंदा निवासी गुरुग्राम हरियाणा द्वारा वाहिद, रविंद्र, हाजी मोहम्मद इकबाल और चार अज्ञात के खिलाफ बंधक बनाने, लूट, गाली-गलौज करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
-सात जुलाई 2019 में ही बेहट तहसील के गांव शफीपुर निवासी सविता पत्नी मेघराज के द्वारा जमीन कब्जाने के आरोप में हाजी मोहम्मद इकबाल, बेटे वाजिद, जावेद, आलीशान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
-20 सितंबर 2019 ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक एवं हाजी मोहम्मद इकबाल के बेटे मोहम्मद वाजिद के खिलाफ एमआईसी के मानकों को पूरा न करने, निर्धारित फीस से अधिक फीस वसूलने और दूसरे वर्ष की परीक्षा में एमबीबीएस छात्रों को वंचित रखने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।