सिद्धपीठ शाकंभरी देवी के दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं की कार शाकंभरी खोल में आई बाढ़ में बह गई। कार में चालक समेत पांच परिजन सवार थे। इसमें एक महिला की मौत हो गई। उसकी तीन बेटियों और चालक को शंकराचार्य आश्रम के छात्रों और वनकर्मी ने काफी मशक्कत के बाद बचा लिया। एक बेटी की हालत खराब होने पर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुकानदारों ने आंखों देखी बताई। उन्होंने बताया कि कार सवारों को आगे जाने से रोका गया था लेकिन उन्होंने कार की रफ्तार नहीं थामी। जिसके बाद यह हादसा हो गया।
सहारनपुर की शुगर मिल कॉलोनी निवासी सीमा (55) पत्नी हेमंत अपनी ऑल्टो कार से तीन बेटियों तानिया, मेघा एवं रिया को साथ लेकर सिद्धपीठ शाकंभरी देवी के लिए मंगलवार सुबह पांच बजे घर से निकली थीं। उस समय बारिश हो रही थी। कार उनका चालक रवि पुत्र बालेश चला रहा था।
2 of 5
बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल।
- फोटो : amar ujala
सुबह 5.45 बजे उन्होंने बाबा भूरादेव के दर्शन किए और सिद्धपीठ की ओर चल दिए। भूरादेव पर दुकानदारों ने उनको रोका और खोल में पानी आने की बाबत चेताया भी, लेकिन वह नहीं माने और आगे बढ़ गए, जैसे ही उनकी कार शंकराचार्य आश्रम के समीप पहुंची तो अचानक शाकंभरी खोल में पानी बढ़ गया और कार पानी के सैलाब में तेजी के साथ बहने लगी। कुछ दूरी पर जाकर कार पलट गई।
3 of 5
एक बेटी की हालत खराब।
- फोटो : amar ujala
कार को पलटते देख शंकराचार्य आश्रम में संस्कृत विद्यालय के छात्र कार सवारों को बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। उन्होंने तानिया और मेघा को किसी तरह बचा लिया। चालक भी सुरक्षित पानी के बहाव से बाहर निकल आया, जबकि सीमा एवं बेटी रिया पानी की तेज धार में बह गईं।
4 of 5
तीनों बेटियों को किसी तरह बचाया।
- फोटो : amar ujala
इनमें से रिया को शाकंभरी वन रेंज के वनकर्मी बृजेश ने पानी में कूदकर काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया, जबकि सीमा को भूरादेव के पास लोगों ने मृत अवस्था में बाहर निकाला।
5 of 5
घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
मौके पर पहुंचे तहसीलदार बेहट प्रकाश सिंह ने घायल रिया को उपचार के लिए बेहट सीएचसी भिजवाया, वहां से उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम बेहट प्रणता ऐश्वर्या, सीओ बेहट मुनीश चंद्र, कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने भी सिद्धपीठ पहुंच घटना की जानकारी ली। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।