Muradabad Crime News: मुरादाबाद में ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन (एआईयूटीयू) के जिला सचिव संजीव शुक्ला के बेटे अमन शुक्ला (20) की गर्दन में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमन मंगलवार की शाम से लापता था। बुधवार सुबह उसका शव मझोला क्षेत्र में ढक्का रोड पर शांति नगर में एमडीए की आवासीय कॉलोनी के पास प्लॉट में पड़ा मिला। मौके पर युवक का फोन नहीं मिला, लेकिन उस पर लगातार कॉल जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से शाहजहांपुर के जलालनगर निवासी संजीव शुक्ला मझोला के पैपटपुरा में परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में बेटा केशव, अमन और एक बेटी व पत्नी मीना हैं। संजीव शुक्ला मझोला क्षेत्र में ही फर्म में नौकरी करते हैं।
2 of 6
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की टीम
- फोटो : संवाद
रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा अमन मंगलवार शाम करीब पांच बजे किसी का फोन आने पर मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। काफी इंतजार के बाद भी अमन नहीं आया तो पिता ने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
3 of 6
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की टीम
- फोटो : संवाद
बुधवार सुबह करीब छह बजे लोगों ने मझोला क्षेत्र में ढक्का रोड पर शांति नगर में एक प्लॉट में युवक का शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी मिलने पर मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता भी पहुंच गए। सूचना मिलने पर संजीव शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए और अपने बेटे अमन के शव की पहचान की।
4 of 6
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस की टीम
- फोटो : संवाद
अमन फर्म में काम करता था। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि अमन को सामने से गर्दन में गोली मारी गई थी। गोली गर्दन को चीरते हुए पिछले हिस्से से बाहर निकल गई थी।
5 of 6
अमन शुक्ला का फाइल फोटो
- फोटो : संवाद
एसपी सिटी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।