मुरादाबाद में हल्की बरसात ने ही स्मार्ट सिटी और शहर के नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। शहर की कई मुख्य सड़कों से लेकर कॉलोनियों तक की सड़कों पर जल भराव होने से लोगों को आवागमन में खासी परेशानी हुई। बारिश के दौरान शहर में जल भराव की समस्या से निजात के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के सभी नाले-नालियों की सफाई का काम किया जा रहा है।
Moradabad Rain: हल्की बारिश में ही कई जगह जलभराव, स्मार्ट सिटी और सफाई व्यवस्था की खुली पोल... देखें तस्वीरें
नगर निगम प्रशासन का दावा है कि शहर के करीब 90 फीसदी नाले, नालियां और अंडरग्राउंड नालों की सफाई का काम पूरा हो चुका है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत बुद्ध बाजार, स्टेशन रोड समेत करीब 12 किमी सड़क को सुंदर बनाने का काम किया जा रहा है। इन सभी स्थानों पर नाली, नाले का निर्माण भी किया गया है, लेकिन निगम प्रशासन की इस व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी।
शहर की मुख्य सड़क स्टेशन रोड पर फव्वारा चौक के पास, जेल रोड, सिविल लाइन थाना रोड, स्टेशन के सामने, पुराना बस अड्डा के सामने, ईदगाह रोड पर पानी भर गया। जामा मस्जिद क्षेत्र में वारसी नगर की तीन गलियों में बारिश के दौरान नाले-नालियों के चोक होने के कारण पानी भर गया। वहीं शहर के निचले स्थानों पर बसी रामतलैया कॉलोनी, भोला कॉलोनी, ढक्का कॉलोनी, सूर्य नगर की सड़क पर भी बारिश का पानी जमा हो गया।
रामतलैया कॉलोनी और ढक्का की पुलिया को छोड़ शेष अधिकांश स्थानों पर बारिश बंद होने के बाद पानी धीरे-धीरे उतर गया। यही नहीं स्मार्ट रोड नेटवर्क के तहत विकसित किए गए बुध बाजार एक मीनार वाली मस्जिद, प्रभात मेडिकल के सामने भी पानी काफी देर भरा रहा।
क्षेत्रीय पार्षद देश रतन कत्याल ने बताया कि उन्होंने राजन होटल के सामने स्थित बंद नाले को खोलने की मांग बरसात से पहले की थी। अगर नगर निगम प्रशासन उसे खोल दिया होता तो एक मीनार मस्जिद वाली गली में पानी नहीं भरता।
सुबह उमस ने किया परेशान, शाम को मिली राहत
सोमवार सुबह में उमस और गर्मी से परेशान रहे लोगों को दोपहर में हुई बारिश ने राहत दी। शाम तक बादल छाए रहे। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि सोमवार की दोपहर 8.6 मिलीमीटर बारिश हुई। अगले तीन दिन बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। सोमवार सुबह धूप खिलने के बाद उमस बढ़ गई थी।