एकतरफा प्यार में शुक्रवार को मेरठ के मवाना में युवक ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। युवक ने चलती बस रोककर छात्रा को गोली मार दी। छात्रा को गोली मारने का आरोपी आईटीआई छात्र राजन एक महीने से शादी का दबाव बना रहा था। आरोपी ने छात्रा को धमकी दी थी कि यदि तुम मेरी न हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा। उसने छात्रा का जीना मुश्किल कर दिया था। छात्रा ने शादी से इन्कार किया और नंबर ब्लॉक किया तो आरोपी ने नंबर बदल-बदलकर फोन करना शुरू कर दिया। शुक्रवार को सिरफिरे ने चालक से बस रुकवाई और इसमें सवार छात्रा का नाम पुकारने के बाद उस पर तमंचे से गोली चला दी।
मेरी नहीं तो किसी की नहीं: बस रोकी, छात्रा को पुकारकर मार दी गोली, सिरफिरे ने एकतरफा इश्क में की खौफनाक वारदात
कॉलेज से ही कर रहा था पीछा
राजन छात्रा का कॉलेज से पीछे कर रहा था। छात्रा जब अपनी सहेली के साथ बस में बैठी तो आरोपी चुपचाप पीछे से चढ़ गया। छात्रा को इस बात का अंदाजा नहीं था कि राजन गाड़ी में है और उसके साथ ऐसी घटना हो जाएगी। घटना के बाद राजन के परिवार वाले भी मकान पर ताला लगाकर भाग गए। पुलिस रिश्तेदारों की जानकारी जुटाकर दबिश दे रही है। हालांकि पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बंद कमरे में आरोपी से पूछताछ की है। वहीं छात्रा मेरठ के निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब एक फायर चूक गया तो उसने दूसरी गोली चलाई, यह छात्रा के कंधे पर लगी। पुलिस के मुताबिक पहली गोली बस के बोनट पर लगी और इसमें धंस गई। पहली गोली के बाद ही यात्री दहशत में आ गए और उन्हाेंने आरोपी को पकड़ने की हिम्मत तक नहीं जुटाई।
छात्रा के साथ 10वीं में पढ़ता था राजन
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी दसवीं क्लास में छात्रा के साथ पढ़ता था। दसवीं पास करने के बाद छात्रा ने दूसरे स्कूल में प्रवेश ले लिया था। सीओ मवाना आशीष शर्मा ने बताया कि आरोपी हस्तिनापुर से आईटीआई कर रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए नंबर सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस ने कॉल डिटेल भी निकाली है।
छात्रा बोली...तमाशबीन बने रहे लोग, नहीं की मदद
मेडिकल में भर्ती छात्रा ने परिजनों को घटना के बारे में बताया। उसने कहा कि बस में मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, किसी ने मदद नहीं की। इसी दौरान एक मैजिक गाड़ी में जा रहे व्यक्ति उसे अस्पताल तक लेकर गए। वहां से गंभीर हालत में रेफर किया गया।