साल 2018 में शहर के युवाओं ने यूपी नहीं इंडिया टॉप कर मेरठ का नाम रोशन किया। सीबीएसई, आईसीएसई सहित यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में मेरठ के मेधावियों की किस्मत चमकी। युवाओं ने विभिन्न परीक्षाओं में देश के टॉप 10 में जगह बनाई। पिछले साल के मुकाबले बोर्ड परीक्षा के परिणाम स्तर में काफी सुधार हुआ। साल 2018 में शहर के युवाओं ने हर परीक्षा में सफलता हासिल कर मेरठ का नाम फलक पर पहुंचाया।
अलविदा 2018: मेधावियों ने ऑल इंडिया में दर्ज कराया मेरठ का नाम, वेदांशी बनीं टॉपर
ऑल इंडिया में भी दर्ज कराया मेरठ का नाम
सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल की छात्रा अनन्या सिंह ने 99.4 प्रतिशत अंक लेकर जिला टॉप किया। अनन्या ऑल इंडिया की थर्ड टॉपर बनीं। ह्यूमेनिटी स्ट्रीम से पढ़ाई कर अनन्या ने म्यूजिक, इतिहास, भूगोल और राजनीति विज्ञान में 100 अंक लिए। कुल अंक 500 में से 497 रहे केवल 3 अंकों के अंतर से अनन्या ऑल इंडिया टॉपर बनने से चूकी। देशभक्ति फिल्में और आलिया भट्ट की फिल्में देखने की शौकीन अनन्या डीयू से पॉलिटिकल साइंस में ऑनर्स कर रही हैं। प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहती हैं। अनन्या को पॉलिटिकल साइंस पढ़ना पसंद हैं लेकिन पॉलिटिक्स अच्छी नहीं लगती।
रितिका का कमाल
केएल इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा रितिका ने भी सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक लेकर जिले में दूसरा स्थान लिया। रितिका ने पॉलिटिकल साइंस लेकर टॉप किया। रितिका इन दिनों डीयू से बीए ऑनर्स कर रही हैं। रितिका को डांस करना और मैग्जीन पढ़ना पसंद है। रितिका कहती हैं पॉलिटिकल साइंस पढ़ना अच्छा लगता है लेकिन पॉलिटिक्स करना बिल्कुल पसंद नहीं हैं। रितिका का सपना सिविल सर्विसेज की परीक्षा देकर डीएम बनना है।
आस्था ने दिखाई प्रतिभा
शास्त्रीनगर निवासी आस्था बंसल ने बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 98.80 प्रतिशत अंक लेकर जिले में थर्ड रैंक हासिल की। आस्था की मम्मी सोनिया बंसल केएल इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका हैं। पॉलिटिकल साइंस, साइकोलॉजी और होमसाइंस में आस्था ने पूरे 100 नंबर हासिल किए। देहरादून रीजन में छठवां स्थान हासिल किया। आस्था डीयू से बीए ऑनर्स कर रही हैं। आस्था कहती हैं रोजाना स्कूल के बाद तीन घंटे की सेल्फ स्टडीज से ही सफलता पाई।
ह्यू्मेनिटीज से पढ़कर वेदांशी बनीं टॉपर
केएल इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा वेदांशी केला ने भी सीबीएसई टॉप थर्ड रैंक में स्थान बनाया। ह्यूमेनिटीज से पढ़ाई करके वेदांशी केला ने 98.80 प्रतिशत अंक पाए। वेदांशी इन दिनों डीयू से ऑनर्स कर रही हैं। वेदांशी कहती हैं अपनी मम्मी डॉ. रितु कौशल केला की तरह साइकलॉजिस्ट बनना चाहती हूं। होमसाइंस में वेदांशी ने पूरे 100 अंक लिए। वेदांशी को डांस करना और गाने सुनना पसंद है। ग्रेजुएशन के बाद वेदांशी का सपना प्रशासनिक परीक्षा की तैयारी कर सिविल सर्विसेज में जाना है।