एक बार फिर से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते पश्चिमी यूपी में आज से मौसम में बदलाव हो गया। इसके चलते 20 मार्च तक गरज और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओले भी पड़ने की संभावना है। शुक्रवार को भी सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। बदलते मौसम के साथ आसमान पर हल्के बादल भी दिखाई दिए।
Weather News UP: मेरठ समेत कई जिलों में बारिश, दिन में छाया अंधेरा, आकाशीय बिजली गिरने से कई मकान धराशायी
रुक-रुक कर हो रही बारिश, गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान
बागपत समेत पश्चिमी यूपी में शनिवार सुबह को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और रुक-रुक कर बारिश होने लगी। हवा और बारिश होने से मौसम में ठंडक हो गई। वहीं गेहूं की फसल गिर गई और सब्जी की फसलों को भी नुकसान हो गया।
शनिवार को सुबह ही मौसम में बदलाव हुआ और बारिश शुरू हो गई जो कुछ दोपहर तक होती रही। लेकिन बारिश दोबारा से शुरू हो गई और इसका असर सबसे ज्यादा फसलों पर दिखाई दिया। ज्यादातर जगह गेहूं की फसल गिर गई, जिससे उसके पैदावार पर असर पड़ सकता है। सरसों की फसल में भी नमी आ सकती है। मौसम अभी ऐसा ही रहने की बात कही जा रही है।
मेरठ में शुक्रवार सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव बरकरार रहा। यहां शनिवार को सुबह के समय बारिश हुई। इस दौरान कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने से कई मकान धराशायी हो गए। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई है। सरधना में गांव बहादुरपुर में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किसान वीरभान का मकान गिर गया। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं मकान गिरने से किसान का काफी नुकसान हुआ है।
हवा के साथ हुई बारिश से मौसम हुआ सर्द, गेहूं की फसल गिरी
बिजनौर में भी शुक्रवार शाम से ही मौसम में बदलाव हुआ है। देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। हवा और बारिश होने से जहां मौसम में थोड़ी ठंड बढ़ी। वहीं हवा और बारिश से गेहूं की फसल गिर गई। अभी भी रुक रुक कर जिले में कई स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश और हवा से जनपद में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। शहर में शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति सही हो गई, लेकिन सैकड़ों गांव में अभी भी आपूर्ति बाधित है।
बारिश से जनपद में तेजी से हो रही गन्ना बुवाई पर ब्रेक लग गया। पावर कोल्हुओं के संचालन भी प्रभावित हो गए हैं, वहीं आलू की खुदाई में भी रुक गई है। उधर कोतवाली देहात कस्बे में विद्युत आपूर्ति बंद रही। अकबराबाद में पूरी रात आपूर्ति ठप रही। शादीपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ेग सभी 27 गांव में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शनिवार सुबह भी आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई है। शादीपुर विद्युत उपकेंद्र पर एक अमीन तैनात है।