मेरठ में हुए दर्दनाक हादसे में तीन घरों के चिराग बुझ गए। वहीं तीनों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
PHOTOS: खौफनाक हादसे में बुझ गए तीन घरों के चिराग, परिवारों में मचा कोहराम, मूर्ति विसर्जित करने जा रहे थे हरिद्वार
जयप्रकाश ने कराया था माता का जागरण
गाजियाबाद के लोनी स्थित रामपार्क खानपुर मोड़ निवासी जयप्रकाश पुत्र कालीचरण के घर पर माता का जागरण था। जागरण खत्म होने के बाद जयप्रकाश, उनके किराएदार कमल पुत्र बालकिशन निवासी रामपार्क खानपुर मोड़, सोनू पुत्र बालकिशन, मनोज व अन्य परिजन हरिद्वार में मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे। टाटा-409 को दिल्ली के हर्ष विहार निवासी अमित पुत्र जगदीश चला रहा था।
वहीं पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के पल्हैड़ा फ्लाईओवर के पास गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलटने से बाल-बाल बची। अमित ने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर ली। अमित, सोनू (30), मनोज (31), जयप्रकाश (28) टायर बदलने लगे।। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टाटा 409 में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व टोल कर्मियों ने चारों को अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने जयप्रकाश, सोनू व मनोज को मृत घोषित कर दिया। चालक अमित की हालत गंभीर है।
परिवार में मचा कोहराम
जयप्रकाश, सोनू व मनोज की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मेरठ मोर्चरी पहुंचे। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के मुताबिक सोनू शादीशुदा था और वह गाड़ियों के सीट कवर बनाने का कार्य करता था। मनोज व जयप्रकाश माता का जागरण किया करते थे, दोनों की शादी नहीं हुई थी।
तेज आवाज सुनकर हाईवे पर दौड़े लोग
टक्कर इतनी भयंकर थी कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों की नींद खुल गई। लोग हाईवे की ओर दौड़े। चार लोगों को लहूलुहान हालत में देखकर उनके होश उड़ गए। गाड़ी में सवार अन्य लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। लोगों ने राहगीरों की सहायता से गाड़ी में सवार अन्य लोगों को बाहर निकाला और पुलिस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए भेजा। राहगीरों के अनुसार ट्रक लगभग 100 की स्पीड पर था। अंधेरा होने के कारण साइड में खड़ी गाड़ी उसे दिखाई नहीं दी।