मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर में शुक्रवार दोपहर को एक मस्जिद की दूसरी मंजिल की दीवार भरभरा कर गिर गई। मस्जिद की दीवार गिरने से नमाज पढ़ रहे 25 लोग दब गए। वहीं घायलों की चीख-पुकार मची तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे में दो लोगों की मौत और 15 घायल हुए हैं।
सामने आई हादसे की वजह: भरभराकर गिरी मस्जिद की दीवार, नमाज पढ़ने आए 25 लोग मलबे में दबे, दो की मौत, तस्वीरें
बारिश के दौरान मस्जिद के आंगन में तिरपाल में पानी भरने से हादसा होना बताया जा रहा है। लोगों ने बताया कि मस्जिद काफी पुरानी है और चार फुट की दीवार भी कुछ समय पूर्व ही कि गई थी। तिरपाल को दीवार में बांध दिया था, जैसे ही शुक्रवार को बारिश हुई तो तिरपाल में पानी भर गया और दीवार वजन नहीं झेल पाई।
एसपी और सिटी मजिस्ट्रेट समेत अधिकारी मौके पहुंचे
मस्जिद की दीवार गिरने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह व सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी ली। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं शहर विधानसभा सीट से विधायक रफीक अंसारी भी मौके पर पहुंचे। सपा विधायक ने सिटी मजिस्ट्रेट से घटना की जानकारी ली है। इस दौरान लोगों की भीड़ को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। जानकारी मिलने पर एसपी सिटी विनीत भटनागर भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की जानकारी जी।
मदरसे के कारी समेत दो की मौत, 15 लोग घायल
मृतकों के नाम
1. कारी अफ्फान (32 वर्ष) पुत्र कारी शमशाद निवासी अहमदनगर
2. इमरान (30 वर्ष) पुत्र जब्बार अहमद निवासी अहमदनगर थाना लिसाड़ी गेट
गंभीर घायल लोगों के नाम
3. शमशाद पुत्र अब्दुल हमीद निवासी अहमदनगर थाना लिसाड़ी गेट
4. अफजाल पुत्र यामीन निवासी अहमदनगर
5. इरशाद पुत्र अलाउद्दीन निवासी खतौली मुजफ्फरनगर
6. यूनुस पुत्र सत्तार निवासी अहमदनगर
7. जुनैद निवासी अहमदनगर
8. अब्दुल्ला निवासी अहमदनगर
9. जीशान पुत्र रियाज निवासी अहमदनगर
मामूली रूप से घायल हुए लोगों के नाम
10. कासिम निवासी अहमदनगर
11.सरफराज निवासी अहमदनगर
12.मईनुदीन निवासी अहमदनगर
13. मोहम्मद चांद निवासी अहमदनगर
14.इम्तियाज निवासी अहमदनगर
15.आफताब निवासी अहमदनगर
16.शाहरुख निवासी आशियाना कॉलोनी
17. शकील निवासी अहमदनगर
बताया गया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को आनंद अस्पताल, युग हॉस्पिटल व मुस्कान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।