मेरठ में कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद पहले दिन व्यापारियों ने दुकान खोलने से पूर्व ईश्वर को नमन किया। इस दौरान महामारी में बिछड़ गए व्यापारियों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि दी गई। शहर की दुकानें सुबह 10 बजे से खुलना शुरू हो गई थी। वहीं दिन भर दुकानों पर ग्राहकों का आना-जाना लगा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रिक, स्टेशनरी, बुक स्टॉल्स के साथ सर्विस सेंटर, स्पेयर पार्ट्स, ऑटोमोबाइल और शोरूम में अच्छी खासी भीड़ रही। वहीं भीड़ को देखकर अंदाजा लगाया कि अनलॉक के पहले दिन व्यापारियों का अच्छा कारोबार हुआ। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण रूप से पालन किया गया।
तस्वीरें: अनलॉक का पहला दिन, खुले सभी बाजार, जमकर हुआ कारोबार, अभी इन पर रहेंगी पाबंदियां
दुकान खोलने के पहले दिन से ही व्यापारियों ने बाजारों में लाउडस्पीकर लगाकर लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया। इस मुहिम में संयुक्त व्यापार संघ सहित संगठन से जुड़ी 696 व्यापारिक एसोसिएशन भूमिका निभा रही हैं। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि अभी भी सावधानी बरतना जरूरी है। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि व्यापारी को दोगुनी मेहनत के साथ व्यापार करना होगा। सेंट्रल मार्केट व्यापारिक एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर वाधवा ने बताया कि व्यापारी अपने प्रतिष्ठान के बाहर मास्क रखेंगे, जो ग्राहक बिना मास्क आएगा उसे मास्क दिया जाएगा।
अनलॉक रहे ये प्रतिबंध
सरकारी संस्थानों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की ही उपस्थिति रही। इसके लिए रोटेशन प्रक्रिया लागू की गई है। निजी संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित करने की बात शासनादेश में कही गई है। सब्जी मंडियां पहले की तरह खुली लेकिन, घनी आबादी के बीच संचालित सब्जी मंडियों को खुले में संचालित किया गया। सभी स्थानों पर कोविड हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अलावा बैंक, बीमा दफ्तर आदि भी खुले लेकिन, यहां भी दो गज की दूरी का ध्यान रखा गया। हाईवे किनारे के ढाबे और खोमचे, ठेले आदि को भी खोलने की अनुमति दी गई है।
बसों में सीट के बराबर ही सवारियां
रोडवेज की बसें निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही सवारियां लेकर जा सकेंगी। किसी में भी खड़े होकर यात्रा नहीं कराई जाएगी। दुपहिया वाहन पर भी निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही संचालन की अनुमति होगी। ऑटो में चालक के अतिरिक्त सिर्फ दो सवारी, ई-रिक्शा में चालक सहित सहित तीन सवारी और चार पहिया वाहन में चार व्यक्तियों को ही बैठने की अनुमति दी गई है।
स्कूल-कॉलेज और कोचिंग अभी बंद
अनलॉक के बावजूद स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। यहां पर ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था रहेगी। शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्य के लिए स्कूल-कॉलेज जाने की अनुमति होगी। रेस्टोरेंट में सिर्फ ऑनलाइन डिलीवरी ही मान्य होगी। किसी भी रेस्टोरेंट में बैठाकर भोजन नहीं खिलाया जाएगा। सिनेमाघर, मॉल, जिम, स्वीमिंग पूल भी बंद रहेंगे।