साल 2018 शहर की युवा प्रतिभाओं के लिए सफलता, उल्लास और उम्मीदों से भरा साल रहा। शहर के कलाकारों ने कला, संस्कृति, अभिनय के क्षेत्र में खुद को साबित किया। युवाओं ने मेरठ का नाम सिल्वर स्क्रीन तक पहुंचाया है। छोटे पर्दे पर शहर की युवा अभिनेत्री गरिमा अग्रवाल, मोनिका कोहली, गिरीश थापर का बोलबाला रहा। बड़े पर्दे पर शाहरुख खान फिल्म जीरो में मेरठ के घंटाघर पर नाचते नजर आए। वहीं संवाद लेखन से लेकर अभिनय, गायन और मॉडलिंग में मेरठी प्रतिभाएं कामयाबी के फलक को छूती नजर आईं। मॉडलिंग और ब्यूटी कांटेस्ट में शहर की युवतियों व महिलाओं ने नया मुकाम बनाया। राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिताओं में खुद को साबित कर अवार्ड जीते और कामयाबी की ओर बढ़ते मेरठ में सफलता के नए पन्ने जोड़े।
इबारत 2018: बॉलीवुड से लेकर विदेशों तक छाए मेरठ के सितारे, भारत की झोली में आए कई अवार्ड्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अभिनय में बढ़े अर्चना के कदम
मॉडल और अभिनेत्री अर्चना गौतम ने शहर को इस साल तीन अवार्ड दिलाए। आईआईएमटी कॉलेज से पत्रकारिता की शिक्षा ले चुकीं अर्चना ने मिस बिकनी इंडिया 2018, मिस कॉसमो इंडिया 2018 और मिस टैलेंट 2018 का खिताब जीता। इससे पहले अर्चना मिस यूपी 2014 भी रह चुकी हैं। साथ ही फिल्म निर्देशक अपूर्व लखिया के म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैैं। अर्चना हसीना पारकर, बारात कंपनी, जंक्शन वाराणसी और ग्रेट ग्रांड मस्ती में अभिनय कर चुकी हैं। फिल्म जंक्शन वाराणसी में आयटम नंबर किया। इसके अलावा डॉ. एस राधाकृष्णनन मेमोरियल अवार्ड भी जीता। इन दिनों मुंबई में आगामी प्रोजेक्ट की शूटिंग में व्यस्त हैं।
श्रुति बनीं मिस इंडिया
एयर होस्टेस श्रुति शर्मा ने मिस इंडिया 2018 का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन सभी को हराकर श्रुति ने दिल्ली के चाणक्यपुरी में आयोजित फैशन शो में मिस इंडिया 2018 का खिताब हासिल किया। साथ ही सब टाइटल मिस फोटोजनिक के लिए उनका चयन हुआ। इसके साथ ही मिस यूपी भी रहीं। तीनों खिताब लेकर श्रुति शास्त्रीनगर अपने घर पहुंची। उनकी मां सौम्या शर्मा केएल इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका हैं। पापा नवीन शर्मा आर्किटेक्ट हैं।
घंटाघर पर किंग खान ने चलाया रिक्शा
साल 2018 में मेरठ का नाम ही नहीं इसके नजारे भी बालीवुड में छाए रहे। निर्देशक आनंद एल रॉय ने मेरठ की पृष्ठभूमि पर जीरो फिल्म बनाई। फिल्म में शाहरुख खान घंटाघर पर रिक्शा चलाते नजर आए। उनके रिक्शे में कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा ने बैठकर मेरठ घूमा। 25 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म ने मेरठ को देश ही नहीं दुनिया में एक नई शोहरत बख्शी। फिल्म में मेरठ का घंटाघर, वैली बाजार, जली कोठी, खैरनगर की तंग गलियाें में किंग खान घूमते नजर आए। फिल्म रिलीजिंग से पहले शाहरुख के फैंस ने घंटाघर के सामने खड़े होकर सेल्फी ली और किंग खान के पेज पर उन्हें पोस्ट किया। आयुष्मान खुराना की फिल्म बधाई हो में भी मेरठ के नाम का जिक्र रहा। फिल्म की कहानी मेरठ के हिमांशु शर्मा ने लिखी है। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
यूट्यूब ने सराही प्रतिभा
शास्त्री नगर निवासी स्मिता गौतम के यूट्यूब चैनल फनी लिओन को इस साल खूब सराहा गया। साल 2018 में स्मिता ने अपने यूट्यूब चैनल पर 200 से अधिक वीडियो अपलोड किए। सभी वीडियो को अच्छे लाइक्स मिले। इसमें हंगामा, अंदाज अपना अपना, कभी खुशी कभी गम, राधे, भारती सिंह, भाभीजी घर पर हैं के दरोगा हप्पू सिंह पर वीडियो प्रमुखता से पसंद किए गए। आम दर्शकों के अलावा बॉलीवुड सेलिब्रिटी ने भी वीडियो को पसंद किया। स्मिता कहती हैं मेरा सपना भीड़ से अलग पहचान बनाने का है, इसलिए मैंने यह क्षेत्र चुना। परिवार के सहयोग, मेहनत और ईश्वर की कृपा से सफलता भी मिल रही है।