शाहरुख खान की 21 दिसंबर को रिलीज हो रही फिल्म 'जीरो' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार हैं। वहीं अपने अनोखे किरदार 'बउआ' को लेकर वह और भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और करोड़ों फैंस अभी से फिल्म को हिट करार दे चुके हैं। फिल्म की खास बात ये है कि बौने बउआ ठेठ मेरठिया अंदाज में नजर आएंगे। कहने को 'बउआ' एक चार फुट का इंसान है लेकिन उसका अंदाज ही उसे सबसे अलग बनाता है। जानें फिल्म से जुड़ी कुछ और खास बातें:-
फिल्म 'जीरो' में अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा भी अलग-अलग भूमिकाओं में दिखेंगी, जिनके साथ शाहरुख इश्क फरमाते नजर आएंगे। अनुष्का एक पैरालाइज्ड साइंटिस्ट की भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म के ट्रेलर में दिख रहा है कि 'बउआ' यानी शाहरुख कहीं अपने अनोखे अंदाज से अनुष्का से प्यार का इजहार कर रहे हैं, तो कहीं उन्हें कटरीना कैफ से जोर की लात भी पड़ती है और बउआ सिंह जमीन पर धड़ाम हो जाते हैं। खैर जब फिल्म का ट्रेलर इतना दिलचस्प है तो फिल्म कितनी मजेदार होगी यह अंदाजा लगाया जा सकता है।
शाहरुख फिल्म में अनुष्का के गाइड बने हैं जिनसे उन्हें प्यार हो जाता है। एक पोस्टर में अनुष्का व्हील चेयर पर नजर आ रही हैं और बैकग्राउंड में दिल्ली का कनॉट प्लेस भी नजर आ रहा है।फिल्म एक बौने व्यक्ति के जीरो से हीरो बनने की कहानी को दर्शाती है।
ये शाहरुख की सबसे महंगी फिल्म कही जा रही है। फिल्म का कुल बजट 200 करोड़ रुपये का है और इसकी शूटिंग 150 दिन में पूरी हुई है। बताया जा रहा है कि यह एक साइंस-फिक्शन फिल्म है। वहीं ऐसा पहली बार है जब शाहरुख ऐसी कोई फिल्म कर रहे हैं। फिल्म में सलमान सहित कई अन्य एक्टर और एक्ट्रेस भी फिल्म में मेहमान की भूमिका दिखेंगे।
निर्देशक आनंद एल राय मेरठ में ही इस फिल्म की शूटिंग करना चाहते थे लेकिन शूटिंग की सुरक्षा के लिहाज से इस फिल्म की शूटिंग को कैंसिल कर दिया गया। बाद में इसे मुंबई में ही फिल्माया गया। फिल्म में दिल्ली के चांदनी चौक व कनॉट प्लेस सहित कई जगह दिखाई देंगी।