मेरठ में दिल्ली-दून बाईपास के होटल ओक ट्री में शनिवार की रात चल रही कैसिनो पार्टी में शराब और कबाब का पूरा इंतजाम था। पुलिस ने छापा मारकर कई युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। मेरठ में कैसिनो का सिंडिकेट चलाने वाले मास्टरमाइंड रवि, कपिल और पीयूष पहले भी कई आयोजन कर चुके हैं। मेरठ से पहले ये देहरादून और मुंबई, हरियाणा में भी कैसिनो पार्टी करा चुके हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि ये अरबों का खेल कर चुके हैं।
Police raid: कई राज्यों में सिंडिकेट कैसिनो का अरबों का धंधा, लग्जरी कारों से रिसॉर्ट आते थे आरोपी, युवतियों को मिलते थे 10 हजार रुपये
परतापुर के कई होटल पुलिस के रडार पर
परतापुर थाना क्षेत्र के कई होटल पुलिस के रडार पर हैं। इस इलाके में कुछ समय पहले एक होटल में गाजियाबाद व दिल्ली के दर्जनों युवक-युवती पकड़े गए थे। बताया जा रहा है कि इसमें स्थानीय पुलिस की भी मिलीभगत रहती है। इसी कारण एसओजी ने सीओ क्राइम के नेतृत्व में ओक ट्री रिसॉर्ट में छापा मारा। होटल में पहुंचने के बाद ही परतापुर इंस्पेक्टर को बुलाया गया।
शहर के अधिकांश बड़े होटल व रिसॉर्ट परतापुर थाना क्षेत्र में हैं। आसपास के जनपदों और राज्यों से आने वाले रईसजादे जुआ खेलने और अय्याशी के लिए इन्हीं होटलों को चुनते हैं। इसके बाद यह रईसजादे दिल्ली-देहरादून हाइवे से आसानी से निकल जाते हैं।
गोवा के क्लब से आईं थीं छह नेपाली महिलाएं
पकड़ी गईं छह नेपाली महिलाएं गोवा के क्लब से बुलाई गई थीं। नेपाली महिलाएं क्वाइंस बांटकर कैसिनो खेलने वालों के पास बैठती थीं। दिल्ली और हरियाणा से आई महिलाएं शराब सर्व करती थीं। इन सभी को दस हजार रुपये प्रतिदिन और किराया देकर बुलाया जाता था।
सूचना लीक न हो इसलिए बरती सावधानी
एसपी क्राइम अनित कुमार की एसओजी और एएसपी ब्रह्मपुरी की टीम ने इस मामले में कार्रवाई की। अफसरों को अंदेशा था कि छापे की सूचना लीक हो सकती है। परतापुर पुलिस को कार्रवाई के वक्त ही शामिल किया गया। बाद में परतापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
दिल्ली-देहरादून, गुजरात, हरियाणा के हैं आरोपी
कैसिनो में पुलिस ने जिन नौ महिलाओं समेत 43 लोगों को गिरफ्तार किया है वह सभी मेरठ से बाहर के हैं। पकड़े गए आरोपी गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और गाजियाबाद समेत यूपी के कई जिलों के रहने वाले हैं।