मेरठ में सोतीगंज के मन्नू कबाड़ी की तलाश में पुलिस ने उसकी पांच मंजिला कोठी पर दबिश दी। पुलिस से पहले ही सूचना पहुंच गई और परिवार के लोग फरार हो गए। कोठी में अंदर का आलीशान नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। उसके बाद पुलिस ने राहुल काला और मोहसिन के घर पर भी दबिश दी। वहां से भी पुलिस खाली हाथ लौटी।
मन्नू कबाड़ी के घर दबिश... अंदर का नजारा देख पुलिस अफसर भी हैरान, देखिए तस्वीरें
लूट और चोरी के वाहन सोतीगंज में काटने वाले कबाड़ी राहुल काला, मन्नू, मोहसिन, गद्दु, इकबाल, जावेद समेत 52 लोगों को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। सोमवार रात एसपी सिटी और एएसपी कैंट ने सदर बाजार, देहली गेट, सिविल लाइन, लालकुर्ती, रेलवे रोड, टीपीनगर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ सोतीगंज में दबिश दी। पुलिस सबसे पहले मन्नू कबाड़ी की कोठी पर पहुंची। लेकिन मन्नू या उसके परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला।
एलईडी टीवी चालू मिला, परिजन गायब
पुलिस के अनुसार कोठी में सारा सामान काफी महंगा लगा मिला। किचन और बाथरूम भी आलीशान थे। कोठी में 70 इंच की एलईडी चालू मिली, जिससे साफ है कि दबिश की सूचना मिलने पर परिजन भाग निकले।
‘एक कमरे जैसा मेरा मकान भी नहीं’
दबिश के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मन्नू कबाड़ी की कोठी के कमरे जैसा मेरा पूरा मकान भी नहीं है। लंबे समय से सरकारी नौकरी कर रहा हूं। इसके बावजूद ऐसा आलीशान मकान नहीं बना पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोतीगंज के चार-पांच कबाड़ियों के ऐसे आलीशान मकान हैं।
करोड़पति कबाड़ियों की घेराबंदी होगी
मन्नू कबाड़ी के आलीशान पांच मंजिले मकान के दबिश के फोटो और वीडियो रात में ही वायरल हो गए। एडीजी आईजी और एसएसपी ने मन्नू कबाड़ी के मकान को देखा तो वह भी हैरान रह गए। तीनों अधिकारियों ने कहा कि अवैध तरीके से कमाई गई करोड़ों रुपए की संपत्ति पुलिस जब्त भी कराएगी। करोड़पति कबाड़ियों की सूची अलग से बनाई जा रही है, जिनके खिलाफ अलग-अलग जिलों के थानों में मुकदमे दर्ज हैं। करोड़पति कबाड़ी पुलिस के निशाने पर होंगे।
लूट-चोरी की बाइक काट कर करोड़पति बना मन्नू
पुलिस का दावा कि मन्नू कबाड़ी की 22 अनुबंधित बसें चल रही हैं। शहर में दो कांपलेक्स हैं। जहां से उसको काफी किराया आता था। कई जगह उसकी पार्टनरशिप है। यह सब काम मन्नू ने चोरी और लूट की बाइक काटकर किए हैं। उसकी सभी संपत्ति को गैंगस्टर 14 ए के तहत जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। राहुल काला, मोहसिन, इकबाल, हाजी गल्ला आदि ने भी चोरी और लूट के वाहन काटकर काफी संपत्ति अर्जित की है।