नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लखनऊ और दिल्ली में हो रहे हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए पश्चिमी यूपी में भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है।
नागरिकता कानून पर हंगामा: पश्चिमी यूपी के तीन जिलों में इंटरनेट सेवा बंद, पुलिस प्रशासन चौकन्ना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात है। कमिश्नर अनीता मेश्राम, आईजी आलोक कुमार, डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी अखिलेश कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल तक फ्लेग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने लोगो से शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
उधर दोपहर में सपा के प्रदर्शन को लेकर कलेक्ट्रेट और सपा कार्यालय पर पुलिस तैनात रही। हालांकि सपा नेता अतुल प्रधान चाहते थे कि वे प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट तक जाएं लेकिन पुलिस ने उन्हें कार्यालय के गेट पर ही रोक दिया।
कार्यालय के बाहर ही सपा प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से झड़प भी हो गई। कार्यालय के गेट पर ही नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन में सपा के सारे गुट शामिल रहे। अतुल प्रधान, गोपाल अग्रवाल और राजपाल सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहे।
उधर माहौल की नजाकत को देखते हुए शामली में पुलिस प्रशासन चौकन्ना है। प्रशासनिक अधिकारी शहर में अमन चैन बनाए रखने के लिए जन प्रतिनिधियों से वार्ता करने में जुटे हैं। पुलिस ने पुलिस ने कैराना थाने के गेट पर एहतियातन बैरिकेडिंग कराई हुई है। साथ ही दमकल की गाड़ी से पानी की बौछार करने के लिए पूरी तैयारी की जा चुकी है।
सीओ और कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ कोतवाली के गेट के पास मौजूद हैं। दरअसल, व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक मैसेज चलाने पर यहां चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जिसके बाद थाने में किसी भी धरने प्रदर्शन की संभावना के चलते पुलिस ने एहतियातन यह तैयारी की है।
मुजफ्फरनगर जिले में नागरिकता कानून पर दिल्ली, लखनऊ और संभल में हो रहे हिंसक प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर शहर भर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी जगह-जगह पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
वहीं, सहारनपुर जिले में दूसरे दिन भी इंटरनेट सेवा बंद रहीं। यहां सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। हालांकि जिले में शांति व्यवस्था बनी हुई है।