12 दिसंबर, 2018 दिन बुधवार को अलसुबह मेरठ में एक युवक की हत्या कर कार समेत जला दिया गया। पुलिस जांच पड़ताल के बाद युवक की पहचान मवाना थानाक्षेत्र के जंघेड़ी निवासी संजीव उर्फ शैंकी के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो एक के बाद एक हत्या की तहें खुलती चली गईं। हत्या के पीछे सामने आई एक ऐसी प्रेमकहानी, जिसकी सुखद शुरुआत हुई लेकिन अंत एक ऐसी कहानी पर हुआ जिसकी उम्मीद मुश्किल ही की जाती है:-
अनोखा कन्यादान: इकलौते बेटे को खोकर मां ने उसकी प्रेमिका को दी नई जिंदगी, दिल छू लेगी ये प्रेमकहानी
झूठी शान मां से छीन लिया इकलौता बेटा
शैंकी अपनी मां का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन थी। वह छह माह का था तभी पिता का देहांत हो गया। मेरठ के पल्लवपुरम में अपनी एक रिश्तेदारी में रहकर पढ़ाई कर रहा था। यहां उसे दूसरी बिरादरी की युवती शालू (बदला हुआ नाम) से मोहब्बत हो गई। दोनों का प्यार परवान चढ़ा लेकिन चंद ही दिनों में इस प्रेमकहानी में कई दुखद कड़ियां जुड़ती चली गईं। झूठी शान और प्रतिष्ठा के नाम पर एक पिता और भाई ने अपनी बेटी की जिंदगी उजाड़ दी।
युवती ने प्रेमी के लिए ठान ली पिता और भाई से बगावत
शालू के पिता और भाई ने प्रेम-संबंध का विरोध किया लेकिन दोनों ने मिलना जारी रखा। इसके कुछ ही दिन बाद भाई और पिता ने मिलकर शैंकी की हत्या कर उसे कार समेत जला डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन इसमें एक नया मोड़ आ गया।
प्रेमिका अपना घर छोड़कर शैंकी के परिजनों के साथ चली गई और भरी भीड़ में एलान कर दिया कि उसने जीवन भर शैंकी के साथ रहने, साथ जीने मरने की कसम खाई थी। अब वह उसकी विधवा बनकर रहेगी। उसकी मां का खयाल रखेगी। इस वारदात के बाद युवती अपने पिता और भाई के खिलाफ बगावत पर उतर आई। कहा कि जब तक शैंकी के हत्यारों को कठोर सजा नहीं दिला दूंगी, तब तक चैन की सांस नहीं लूंगी और शैंकी की मां को इंसाफ दिलाकर रहूंगी।
शादी की कर रहे थे तैयारी
मीडिया से बातचीत में युवती ने बताया कि वह शैंकी को पांच साल से जानती थी। दोनों नवरात्र में शादी करना चाहते थे। लेकिन परिजनों ने धमकी दी थी कि अगर तूने शैंकी से शादी की तो दोनों को मार देंगे। युवती ने कहा कि मुझे यह आभास नहीं था कि मेरे पिता और भाई शैंकी की हत्या कर मेरे साथ इतना बड़ा धोखा करेंगे। दोनों नवरात्रि में शादी करने वाले थे। लेकिन अफसोस कि उसके प्यार को मंजिल न मिल सकी।
बेटे की प्रेमिका को बेटी बनाकर किया कन्यादान
छह जुलाई 2019 को इस प्रेम कहानी ने एक ऐसा मोड़ लिया कि हर किसी को भावुक कर दिया और समाज के लिए मिसाल पेश की। 23 वर्षीय इकलौते बेटे को ऑनर किलिंग में खोने के बावजूद उन्होंने उसके प्यार को नई जिंदगी दी। इसी वर्ष छह जुलाई को विरमवती ने अपनी रिश्तेदारी में उसकी शादी कर दी।