मेरठ में वार्ड-72 के पार्षद एहसान अंसारी मंगलवार को 20 हजार लोगों का दर्द लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान लोगों का दर्द अफसरों के सामने रखा, लेकिन उनकी बातें अनसुनी कर दी गईं। बताया गया कि छह माह से इस्लामाबाद और बुनकर नगर की गलियों में गंदा पानी भरा है।
पार्षद का अपमान: IAS को बताने पहुंचे थे इलाके का हाल, हाथ-पैर पकड़ किया ये हाल, सारी हदें हुईं पार, तस्वीरें
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। नगरायुक्त ने पार्षद की बात तो सुनी, लेकिन उनका जमीन पर बैठना उन्हें पसंद नहीं आया। चंद ही मिनट बाद अधिकारियों के इशारे पर प्रवर्तन दल के सदस्यों ने पार्षद को जबरदस्ती उठा लिया और धक्का-मुक्की करते हुए कमरे से बाहर निकाल दिया। कार्यालय के बाहर प्रवर्तन दल का पहरा बैठ गया। पार्षद एहसान अंसारी भी टाउन हॉल के बरामदे में कुर्सी डालकर बैठ गए और नगरायुक्त को कार्यालय से बाहर निकलने पर अपने वार्ड में ले जाने के लिए अड़े रहे।
इसके बाद जैसे ही नगरायुक्त अन्य अधिकारियों के साथ कार्यालय से बाहर निकले और गाड़ी के पास पहुंचे तो पार्षद एहसान ने हाथ जोड़कर कहा कि नगरायुक्त साहब, जनता मुझे नकारा समझ रही है, बस एक बार आप स्वयं मेरे वार्ड का निरीक्षण कर लीजिए। आपके अधिकारी पार्षदों की कतई नहीं सुन रहे हैं। नगरायुक्त आज नहीं फिर कभी कहते हुए जैसे ही गाड़ी में बैठे तो पार्षद ने आपा खो दिया और गाड़ी के आगे लेट गए। पार्षद ने चिल्लाना शुरू कर दिया। इस दौरान फिर प्रवर्तन दल के लोगों ने हाथ-पैर पकड़कर जमीन से उठा लिया और झुलाने लगे। नगरायुक्त अपनी गाड़ी में बैठकर चले गए। प्रवर्तन दल के लोगों ने नगरायुक्त के जाने के बाद ही पार्षद को छोड़ा।
नगरायुक्त देखते नहीं, और अन्य अधिकारी सुनते नहीं
पार्षद एहसान अंसारी ने कहा कि जनता की समस्याओं को नगरायुक्त देखते नहीं हैं और अन्य अधिकारी सुनते नहीं हैं। मेरे वार्ड की जनता जलभराव से जूझ रही है। मैं तो अपने बच्चों से कहकर आया हूं। आज घर तब लौटूंगा, जब जनता की समस्या का समाधान करा दूंगा, नहीं तो आत्मदाह कर लूंगा। उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़क और पुलिया टूटी पड़ी हैं। इंजीनियर फाइल आगे बढ़ाते नहीं हैं। हम जनता को क्या मुंह दिखाएं। निगम में जनता के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। अगर अधिकारी ही इस तरह का व्यवहार करेंगे, तो पार्षद और आम जनमानस किसके आगे अपनी शिकायत सुनाएगा।
इस्लामाबाद पहुंचे निगम अधिकारी, जल निकासी को लगवाए पंप
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद दोपहर तीन बजे अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह अपने साथ इंजीनियरों को लेकर इस्लामाबाद पहुंचे। उन्होंने जलनिकासी की समस्या के समाधान को लेकर वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने निगम अधिकारियों को घेर लिया। निगम ने ओडियन नाले पर पोर्कलेन मशीन लगवाई और गली में पंप लगवाया। स्थानीय लोगों को अब कुछ राहत की उम्मीद जगी है।