मेरठ के सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहनों का कटान बंद होने के बाद कबाड़ी दूसरे राज्यों में कटान कर रहे हैं। इसकी पुष्टि इस बात से हो रही है दूसरे राज्यों की पुलिस यहां दबिश देकर कबाड़ियों की तलाश कर रही है। हाल ही में उत्तराखंड पुलिस ने लालकुर्ती में दबिश दी तो इससे पहले दिल्ली, हरियाणा की पुलिस भी दबिश दे चुकी है। दूसरे राज्यों में सोतीगंज के कबाड़ी मुसीबत बन गए हैं। यहां के कबाड़ी दूसरे राज्यों की पुलिस के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। पिछले 15 दिन में ही यहां दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड पुलिस की टीमें आकर दबिश दे चुकी हैं। एक मार्च को राजस्थान पुलिस ने फरीदाबाद से चोरी की गई ब्रेजा कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
Meerut: सोतीगंज के कबाड़ियों ने वाहन कटान के ढूंढे नए ठिकाने, तीन राज्यों की पुलिस के लिए बने चुनौती
अब दूसरे जिलों और राज्यों में हो रहा अवैध कारोबार
अभी तक तो चर्चा यह थी कि सोतीगंज का अवैध कारोबार हापुड़, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर की ओर शिफ्ट हो गया है। आसपास के जिलों के अलावा दूसरे राज्यों में कबाड़ी अपनी जड़ों को मजबूत कर रहे हैं। बड़ी चुनौती कबाड़ी बनते जा रहे हैं। सोतीगंज बंद होने के बाद आरोपियों ने दूसरे जिलों और राज्यों में वाहन चोरी कर कटान करना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: Meerut: संवरेगा शहर..., मुख्य चौराहों पर लगेंगी कलाकृतियां, ऑस्कर के बाद एकेश्वर नए प्रोजेक्ट में जुटे
हाजी गल्ला और इकबाल कबाड़ी की हो चुकी है संपत्ति कुर्क
हाजी नईम उर्फ हाजी गल्ला, इकबाल कबाड़ी, राहुल काला, मन्नू कबाड़ी समेत कई कबाड़ी वेस्ट यूपी ही नहीं बल्कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में वाहन कटान का बड़ा नेटवर्क है। पिछले साल पुलिस ने इन सभी के गोदामों और कोठियों को कुर्क कर करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की थी। सभी कबाड़ियों को जेल भेजा गया था।
तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सोतीगंज को बंद कराया था। उन्होंने अपने कार्यकाल में सोतीगंज को बंद किया था। इसके बाद कबाड़ियों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सोतीगंज बंद होने की तारीफ कर चुके हैं।
चोरी और वाहनों का कटान पूरी तरह से मेरठ में बंद है। जो भी अवैध काम में लिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरे राज्यों की पुलिस हालांकि अभी जांच के लिए मेरठ में आ रही है। जिनकी पूरी मदद की जा रही है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी।