शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में आवासीय भवन 661/6 में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स पर आखिरकार शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हाइड्रा जेसीबी ड्रिलर मशीन से ध्वस्तीकरण हुआ। रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वहीं शुक्रवार रात से व्यापारियों के दुकान खाली करने का सिलसिला शनिवार सुबह तक चलता रहा। ट्राली, पिकअप आदि गाड़ियों में सामानभर व्यापारी अपने घर और अन्यत्र ले गए। चार घंटे तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में मुख्य मार्ग की ओर का हिस्सा और पीछे का काफी भाग ध्वस्त कर दिया गया। रविवार को अवकाश के दिन भी ध्वस्तीकरण होगा। मामले में सोमवार को सुनवाई होनी है।
2 of 7
अवैध कॉम्प्लेक्स का ये हाल हो गया।
- फोटो : अमर उजाला
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जेबी पारदीवाला और आर. महादेवन की खंडपीठ ने आवासीय भवन 661/6 में व्यावसायिक कॉम्पलेक्स मामले में 17 दिसंबर 2024 को आवासीय क्षेत्र में भू-उपयोग परिवर्तन कर किए गए सभी अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण के आदेश दिए थे। व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को तीन महीने में खाली कराने और उसके बाद आवास विकास परिषद के अधिकारियों को दो सप्ताह में इसे ध्वस्त करने के लिए कहा गया था।
3 of 7
रविवार को होती कार्रवाई।
- फोटो : अमर उजाला
आदेश का अनुपालन न होने पर आरटीआई कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की थी। इस पर छह अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने सुनवाई की। इस मामले में प्रदेश के गृह सचिव, आवास आयुक्त, एसएसपी मेरठ तथा थानाध्यक्ष नौचंदी, व्यापारी राजेंद्र कुमार बड़जात्या, संदीप सिंह, राजीव गुप्ता, सुषमा शर्मा, संगीता वाधवा, चंद्र प्रकाश गोयल, निशि गोयल, अमरजीत व जगप्रीत कौर को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब मांगा गया।
4 of 7
अवैध निर्माण पर एक्शन।
- फोटो : अमर उजाला
इस प्रकरण में आवास एवं विकास परिषद की ओर से 44 अधिकारियों और 20 व्यापारियों के खिलाफ हाल ही में थाना नौचंदी में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इससे पहले सुबह से आसपास के तमाम रास्ते बेरीकेडिंग से बंद कर दिए गए। हाइड्रा डि्रल मशीन जेसीबी ने मुख्य मार्ग की ओर कॉम्पलेक्स में अलंकार साड़ीज की ओर से ध्वस्तीकरण शुरू किया। जैसे ही ध्वस्तीकरण शुरू हुआ तमाम व्यापारियों की आंखें छलक उठीं। महिलाएं भी रो पड़ीं और बच्चों के लालन पालन को लेकर उलाहना दी। इस बीच कुछ व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता आफताब अहमद पर सांप्रदायिकता का आरोप लगाया और बाकी ध्वस्तीकरण न करने की मांग की।
5 of 7
ध्वस्तीकरण के लिए लगाई अतिरिक्त जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
आज भी होगा ध्वस्तीकरण
एडीएम सिटी बृजेश सिंह ने आवास विकास परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शनिवार को भी ध्वस्तीकरण अभियान चलाएं। दो मशीनें तुड़ाई के लिए और चार जेसीबी लगाई जानी चाहिए। इसके साथ ही निर्देश दिए कि 9 बजे काम शुरू करने से पहले पूरे इलाके में पट्टी खींच दी जाए और किसी को भी अंदर न जाने दिया जाए। इसके साथ धूल के लिए स्प्रिंकल कराने के भी निर्देश दिए। वहीं अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार व अधिशासी अभियंता आफताब अहमद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।