यूपी के मेरठ में एसएसपी ऑफिस पर साइकिल फैंटम सहित पुलिस की वर्दी में पहुंचे एक व्यक्ति को देखकर हर कोई हैरान रह गया। अधिकारी यह देखकर हैरान थे आखिर शहर में साइकिल फैंटम कब से शुरू हुई और ये अफसर जैसा दिखने वाला शख्स आखिर है कौन? लेकिन जब सच्चाई मालूम चली तो हर कोई चौंक गया।
कहते हैं दिल में देश सेवा का जज्बा और समाज के लिए कुछ करने का जुनून हो तो इंसान कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेता है और इस बात को सच कर दिखा रहे हैं मेरठ के फरहत अली। लिसाड़ी गेट के रहने वाले 50 वर्षीय फरहत एक आम इंसान हैं। वह हर रोज सुबह पुलिस की वर्दी पहनकर तैयार होते हैं और अपनी साइकिल फैंटम उठाकर घर से निकल जाते हैं इसके बाद दिन भर जाम से जूझ रहे लोगों की मदद करते हैं।
फरहत हमेशा समाज के लोगों की मदद करना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने एक अनोखा तरीका खोजा। उन्होंने सबसे पहले एक साधारण साइकिल खरीदी। इसके बाद वायरलेस सेट, माइक, हूटर, लाईट और स्पीकर आदि साइकिल में फिट कराया। फरहत अली ने बताया कि इस सब पर उन्होंने तकरीबन अठारह हजार रुपये खर्च कर दिए हैं।
फरहत अली के मुताबिक वह बारात घरों की पार्किंग का ठेका लेते हैं और इसके अलावा लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुधारने में यूपी पुलिस की मदद करते हैं। वह एक पुलिस अधिकारी की तरह ही लोगों को लेन में चलने और आहिस्ता चलने की गुजारिश करते हैं।
उनसे जब पूछा गया कि क्या इस काम के लिए उन्हें कोई पैसा भी दिया जाता है। इस पर फरहत बताते हैं कि वह समाज सेवा के तौर पर यह काम कर रहे हैं और इसके लिए कोई पैसा नहीं लेते हैं। आपको बता दें कि उन्होंने अपनी साइकिल पर पुलिस के बोर्ड भी लगाए हुए हैं जिस पर लिसाड़ी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी का ब्यौरा लिखा गया है। साथ ही वह एक डंडा भी साइकिल में रखा हुआ है।