जानलेवा वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में लॉकडाउन है। सरकार भी बार- बार लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। लेकिन शराब की दुकानें खुली तो लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना भूल गए। इतना ही नहीं बल्कि वे लॉकडाउन की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं। आगे तस्वीरों में देखिए पश्चिमी यूपी के जिलों का हाल-
लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा रहे मदिरा प्रेमी, शराब की दुकानों पर उमड़ रही भीड़, तस्वीरों में देखें पश्चिमी यूपी का हाल
मेरठ में शराब की बिक्री शुरू होने के बाद मंगलवार को दूसरे दिन भी दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। अफरा-तफरी के बीच कई जगह पुलिस को व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी। कई दुकानों का माल जल्दी खत्म होने के कारण लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। इस दौरान आबकारी निरीक्षक भी सक्रिय दिखे।
शराब की दुकानों पर उमड़ी भीड़
बिजनौर में धामपुर नगर क्षेत्र की सभी शराब की दुकानें फिर से चालू हो गई हैं। शराब खरीदने के लिए दुकानों के खुलने से पहले ही भीड़ जमा होनी शुरू हो गई थी। सोशल डिस्टेसिंग का पालन न होने पर पुलिस को कई बार सख्ती करनी पड़ी। पुराना धामपुर की चुंगी पर अंग्रेजी और देसी शराब की दो दुकानें आमने सामने हैं। शराब की दुकान पर भीड़ जुटने से कई बार हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने सख्ती कर सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराया। दुकानों के बाहर करीब कई मीटर लंबी कतारें लगी थी।
ठेकों पर ठेंगे पर रख दिया कानून
वहीं बागपत में शराब की बिक्री के साथ लॉकडाउन की धज्जियां भी उड़ रही है। नियम बनाया गया था कि एक साथ ठेके पर पांच से अधिक ग्राहक खड़े नहीं होंगे। दो ग्राहकों के बीच छह फीट की दूरी होगी। मगर, दूसरे दिन भी जिले में इन नियमों का खूब उल्लंघन हुआ। सोमवार को अधिक बिक्री होने के कारण कुछ ठेकों पर स्टॉक खत्म हो गया। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि स्टॉक मंगाया गया है। लॉकडाउन का पालन करने के भी निर्देश दिए गए है।
उधर, खेकड़ा में शराब की दुकानें खुलते ही लोगों की भारी भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग से खड़ा कराया। इसके साथ ही कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी। एसडीएम राजपाल सिंह, आबकारी इंस्पेक्टर सविता रानी भी पहुंचे। लॉकडाउन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लोगों को सोशल डिस्टेंस का पालन करने की हिदायत दी।
कोई हेलमेट में तो कोई स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले गया शराब
शासन के निर्देश के बाद मुजफ्फरनगर में मंगलवार को शराब की दुकानें खुलीं तो काफी लोग उमड़ पड़े। ठेकों पर भारी भीड़ के बावजूद कहीं कोई हंगामा और मारामारी नहीं मची। पुलिस की मौजूदगी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों ने शराब खरीदी।
वहीं कुछ लोगों ने शराब को हेलमेट में छिपाया तो कुछ लोगों ने शराब की पूरी पेटी ही खरीद ली। कई लोग दो पहिया वाहन की डिक्की में शराब छिपाकर ले गए। दोपहर तक अधिकांश ठेके सूने हो गए, जबकि कुछ पर स्टॉक ही खत्म हो गया।