करवा चौथ को लेकर मेरठ की महिलाओं में उमंग देखते ही बन रही है। जोर शोर से महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। इस बार सुहागिनें करवाचौथ का व्रत 13 अक्तूबर यानी आज रख रहीं हैं। इस बार यह व्रत विशेष है। कई साल बाद करवाचौथ पर रोहिणी नक्षत्र और मंगल का अमृत योग बन रहा है। यह पिया संग प्रेम को बढ़ाएगा और दांपत्य जीवन में खुशहाली लाएगा।
Karva Chaut 2022: विशेष योग में व्रत आज, इस रंग के वस्त्र पहनें सुहागिनें, खुशहाल रहेगा दांपत्य जीवन
विशेष फलदायी है व्रत
इसलिए रोहिणी नक्षत्र में पत्नी द्वारा पूजा और चंद्र दर्शन पति की दीर्घायु, स्वास्थ्य और संपन्नता के लिए विशेष फलदायी होता है। इस बार मंगल भी चंद्रमा के अन्य नक्षत्र हस्त में स्थित है। इसलिए अजेय शक्ति भी साथ है। इस दिन सुहागिनें लाल वस्त्र धारण करें। सफेद या काले वस्त्र धारण न करें।
बन रहा मंगलकारी अमर सुहाग योग
रोहिणी नक्षत्र के साथ वृष उच्च राशि में चंद्रमा का योग होने के कारण करवाचौथ को अधिक मंगलकारी बना रहा है। इसे अमर सुहाग योग भी कहा जा सकता है। इस योग में भगवान गणेश, चौथ माता व चंद्रमा का पूजन अखंड सौभाग्य और समृद्धि देने वाला है।
सुबह सूर्योदय से पहले उठ जाएं। निर्जला व्रत का संकल्प लें। करवाचौथ में महिलाएं पूरे दिन जल-अन्न कुछ ग्रहण नहीं करतीं हैं। फिर शाम के समय चंद्र दर्शन कर व्रत खोलती हैं। यह व्रत सूर्योदय से चांद निकलने तक रखा जाता है। चांद को अर्घ्य देने और दर्शन के बाद ही व्रत खोलने का नियम है।
चंद्रोदय से कुछ समय पहले शिव-पार्वती और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। चांद निकलने के बाद महिलाएं पति को छलनी में दीपक रखकर देखती हैं और पति के हाथों जल पीकर उपवास खोलती हैं।