यूपी के सहारनपुर में रविवार को दिन निकलते ही पड़ोसी से हुए विवाद में पत्रकार व उसके छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी अपने बेटे को साथ लेकर भाग निकला। वहीं पुलिस जांच में डबल मर्डर की असली वजह सामने आई तो हर कोई चौंक गया। आगे तस्वीरों में जानें आखिर कैसे एक मामूली विवाद में एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी के दो जवान बेटों की जिंदगी छीन ली:-
यूपी: पत्रकार से मामूली विवाद और पड़ोसी की दबंगई, ये थी सहारनपुर में हुए दोहरे हत्याकांड की असली वजह
रविवार सुबह उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला दिनदहाड़े दो ताबड़तोड़ हत्याओं से दहल गया। यहां नगर कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद के बीच एक पत्रकार व उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। वहीं गोली लगते ही दोनों भाई घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला माधवनगर में पत्रकार आशीष अपने परिवार के साथ रह रहे थे। बताया गया कि वह अपने घर में पशुपालन करते हैं। उनके पड़ोस में ही महिपाल रहता है।
रविवार को महिपाल ने गोबर फैलाने का आरोप लगाते हुए पत्रकार आशीष की मां से गाली-गलौज करते हुए अभद्रता कर दी। इसी बीच आशीष (25) और भाई आशुतोष उर्फ गोरी (18) ने बाहर आकर इसका विरोध जताया, इनका कहना था कि बारिश के कारण गोबर फैल गई थी। इसी बीच विवाद बढ़ गया और पड़ोसी ने उसके सिर पर लाठी से वार कर दिया।
चीखपुकार सुनकर आशीष के मामा मौके पर पहुंचे और लहूलुहान आशुतोष को घर के अंदर ले गए। इस दौरान पड़ोसी महिपाल घर से तमंचा लेकर आया और घर में घुसकर दोनों भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए वहां से भाग निकला। वहीं दोनों भाइयों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जांच की।
मृतक पत्रकार आशीष व उसके भाई के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई जिसके बाद पुलिस फोर्स तैनात करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि पत्रकार के मामा ने छह लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।