दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में भूचाल लाने वाले एनआरआई भारतीय अजय गुप्ता और उनके रिश्तेदारों के एक दर्जन से अधिक ठिकानों पर ईडी और आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। टीमों ने फैक्ट्रियों का डाटा खंगाला, निर्माणाधीन शिवधाम मंदिर के दस्तावेजों की जांच की, पुस्तैनी मकान एवं रिश्तेदारों के आवासों पर छापा मारकर उनसे दिन भर पूछताछ की गई।
गुप्ता बंधुओं और कई रिश्तदारों के ठिकानों पर छापेमारी, देखिए तस्वीरें
मंगलवार को सुबह लगभग आठ बजे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा एवं दिल्ली राज्यों से प्रवर्तन निदेशालय एवं आयकर विभाग की लगभग 12 से अधिक टीमें सहारनपुर पहुंचीं। पुलिस को साथ लेकर टीमों ने अप्रवासी भारतीय अजय गुप्ता एवं उनके रिश्तेदारों के आवासों, प्रतिष्ठानों, फैक्ट्रियों तथा निर्माणाधीन शिवधाम मंदिर पर छापा मारा।
अचानक हुई इस कार्रवाई से रिश्तेदारों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीमों ने सभी जगह पर गेट बंद कर दिया और किसी को भी न तो बाहर जाने दिया और न ही बाहर से अंदर आने दिया गया। टीमों ने मिशन कंपाउंड स्थित अजय गुप्ता एवं उनके एक अन्य रिश्तेदार के आवास, हकीकतनगर स्थित कार्यालय, रानी बाजार स्थित पुस्तैनी घर, ग्राम घान्ना स्थित फैक्ट्री गोयल केमिकल्स, बाबा लालदास बाड़ा स्थित निर्माणाधीन शिवधाम मंदिर, दिल्ली रोड स्थित सिलाई मशीन फैक्ट्री, देहरादून रोड स्थित हेलीपैड, दिल्ली रोड सब्जी मंडी स्थित रिश्तेदार अमर गुप्ता के आवास एवं बहनोई अनिल गुप्ता के आवास एवं प्रतिष्ठान समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर छापामारी की।
टीमों ने गुप्ता बंधुओं की संपत्ति एवं उनके रिश्तेदारों की संपत्ति के बारे में तहकीकात की। अलग-अलग टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर रिश्तेदारों से पूछताछ की। शिवधाम, फैक्ट्रियों में लगे कंप्यूटरों का डाटा खंगाला, दस्तावेज जब्त कर लिए और हार्ड डिस्क से डाटा स्टोर कर सील कर दिया। कंपनी के कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अलग-अलग पूछताछ की गई। शाम तक ईडी और आयकर विभाग की टीमें परिजनों एवं रिश्तेदारों से पूछताछ कर रहीं थीं।
पढ़ें : PNB घोटाला : मेरठ के गीतांजलि शोरूम पर ईडी की छापेमारी
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग शहरों की टीमों ने अजय गुप्ता, उनके भाइयों एवं रिश्तेदारों के आवास एवं प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर उनकी संपत्ति के बारे में जानकारी की है। जांच की कार्रवाई को गोपनीय रखा गया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/