कोविड-19 में पुलिसकर्मियों को समय से हेल्दी नाश्ता व खाना उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली की एक संस्था के साथ मिलकर देश का पहला पुलिस कैफे शुरू किया गया है। पुलिस लाइन में इस कैफे का शुभारंभ डीएम-एसएसपी ने फीता काटकर किया।
यूपी के मुजफ्फरनगर में खुला देश का पहला पुलिस कैफे, पौष्टिक भोजन के साथ फिट रह सकेंगे पुलिसकर्मी
इसी के मद्देनजर जनपद पुलिस लाइन में दिल्ली की एक संस्था के साथ मिलकर देश का पहला पुलिस कैफे शुक्रवार से शुरू किया गया। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने फीता काटकर पुलिस कैफे का शुभारंभ किया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस कैफे में न केवल सुबह का नाश्ता और लंच-डिनर की सुविधा मिलेगी, बल्कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को नाश्ता-खाने का ऑर्डर करने पर उसे ड्यूटी स्थल पर ही डिलीवरी की भी सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं, पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ कैफे में आकर भी कम कीमत पर लंच-डिनर का आनंद भी ले पाएंगे।
कैफे के साथ ही एक अत्याधुनिक जिम का भी शुभारंभ किया गया है, जहां कोई भी पुलिसकर्मी सुबह छह से 11 बजे और शाम चार से नौ बजे तक कसरत कर सकेगा। इसके लिए दो ट्रेनर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो जिम में पुलिसकर्मियों को बेहतर एक्ससाइज की ट्रेनिंग देंगे।
कैफे की विशेषताएं:
- - खाना बनाने के लिए केवल सरसों व ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल।
- - चाय व मिठाई में चीनी के स्थान पर गुड़-शक्कर का ही प्रयोग।
- - अत्यधिक चिकनाई युक्त खाना पूरी तरह प्रतिबंधित।
- - नाश्ते-खाने में केवल स्वास्थ्यवर्द्धक आइटम्स ही उपलब्ध।
शनिवार से शुरू होंगे ऑर्डर व डिलीवरी
भारत के पहले पुलिस कैफे में शनिवार से ऑर्डर व डिलीवरी सिस्टम की शुरूआत की जाएगी। डिलीवरी के लिए ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
डिलीवरी देने के लिए फिलहाल पुलिस विभाग के कई फॉलोवर्स की ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि यदि डिलीवरी के ऑर्डर बढ़ते हैं तो फिर डिलीवरी ब्वॉय भी रखे जा सकते हैं।