इज्जत की खातिर हत्या : ये पश्चिमी यूपी है.., यहां इश्क में दे दी जाती है सजा-ए-मौत, ये पांच वारदात हैं गवाह
झूठी शान की खातिर शुक्रवार को खरखौदा क्षेत्र में किशोरी के पिता ने प्रेमी युगल की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से गांव में तनाव फैल गया। युवक को चार और किशोरी को दो गोलियां मारी गईं। किशोरी ने मरने से पहले अपने पिता के खिलाफ बयान दिया। पुलिस ने आरोपी तौसिन को हिरासत में ले लिया।
बधौली गांव निवासी आरिफ (18) पुत्र मंदूरी उर्फ अली मोहम्मद का एक किशोरी (16) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले की जानकारी किशोरी के पिता तौसिन को लग गई। शुक्रवार को आरिफ गांव की मस्जिद में नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान तौसिन ने आरिफ की गोलियां मारकर हत्या कर दी। उसके बाद तौसिन अपने घर पहुंचा और बेटी को दो गोलियां मार दीं। आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि आरिफ और उसकी बेटी का कई माह से प्रेम-प्रसंग था। उसने बेटी को कई बार मना भी किया लेकिन वह नहीं मानी। बताया कि दोनों को छत पर एक दूसरे से इशारों से बातें करते देखा जिसे लेकर बेटी को कई बार चेतावनी दी लेकिन वह उससे फिर भी बात करती रही। आखिरकार उसने आरिफ की हत्या का फैसला कर लिया।
भूसा मंडी में बहन के प्रेमी की गोली मारकर हत्या
मेरठ के खरखौदा में प्रेमी युगल की हत्या के आठ घंटे बाद ही मेरठ शहर में दूसरी बड़ी वारदात हो गई है। सदर बाजार क्षेत्र के भूसा मंडी में एक युवक ने बहन के प्रेमी सलीम की गोली मारकर हत्या कर दी।
सलीम (22) पुत्र फरीद का मोहल्ले की एक युवती से दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमी युगल एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। शुक्रवार रात करीब 2:45 बजे युवती ने फोन करके सलीम को अपने घर पर बुला लिया। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी युवती के भाई मोहसिन की आंख खुल गई। मोहसिन और उसके अन्य भाइयों ने दोनों को पकड़ा और दोनों की जमकर पिटाई की।
सलीम मोहसिन के हाथ से छूटकर भागने लगा। मोहसिन व उसके दोस्तों ने सलीम को दौड़कर पकड़ लिया व फिर उसके सिर पर सटाकर गोली मार दी। मुख्य आरोपी मोहसिन अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। सलीम के भाई बिलाल ने आरोप लगाया है कि मोहसिन ने अपने बहन के नंबर से सलीम को रात में कॉल कराई और उसको अपने घर पर बुला लिया। पूरी योजना बनाकर सलीम को मोहसिन और उसके परिवार ने मारा है।
बागपत के खेकड़ा में पिता पुत्र ने मिलकर पहले बेटी के प्रेमी की गोली मारकर हत्या की और फिर उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। छह जून को बरामद प्रेमी के शव की पहचान के बाद पुलिस ने मामले में शुक्रवार को खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार अमित ट्योडी गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। गांव के ही एक युवती के साथ अमित के प्रेम संबंध थे, जिसके चलते युवती के भाई और पिता ने हत्या की थी। दो सप्ताह पहले उन्होंने युवती की भी हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप दे दिया।
मेरठ के मोहकमपुर फेस-2 स्थित तिरुपति होटल में शुक्रवार आधी रात को प्रेमी युगल ने सल्फास खाकर जान दे दी। शनिवार सुबह कमरा नहीं खुला तो दूसरी चाबी से गेट खोला गया। दोनों के शव बेड पर पड़े थे। टीपीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आधार कार्ड से दोनों की पहचान हुई और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें युवती ने लिखा है. मेरी मर्जी के बगैर परिजनों ने दूसरे युवक से शादी कर दी थी, जिससे हम दोनों काफी आहत थे, दोनों मर्जी से खुदकुशी कर रहे हैं। मरने वाला युवक रोहन 28 और अर्चना 26 शिवपुरम मोहकमपुर के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार दो माह पहले युवती की शादी एक दूसरे युवक से करा दी थी। एक सप्ताह पहले वह मायके आई थी। इसके बाद शुक्रवार को रोहन और अर्चना तिरुपति होटल पहुंचे और खुद को दंपती बताते हुए एक कमरा बुक किया। दोनों ने बर्थडे मनाने की बात कहते हुए केक मंगाया और फिर एकसाथ मौत को गले लगा लिया।