मेरठ के गंगानगर के ईशापुरम में दीपक तेवतिया की मौत के मामले में पुलिस ने अब तक जो पूछताछ की है, उसमें मां संता तेवतिया ने बताया कि दीपक काफी समय से परेशान चल रहा था। वही चार दिन पहले चाकू लेकर आया था। उसे नहीं पता था कि घर में ऐसा भी हो जाएगा। वहीं, पिता हवा सिंह घटना के बारे में कुछ भी बताने से बचते रहे। गुरुवार को जब शव पोस्टमार्टम के बाद घर लाया गया तो परिजन बिलख पड़े।
जिम ट्रेनर की मौत का मामला: मां बोली...दीपक लेकर आया था चाकू, पत्नी ने ससुर को लेकर दिया चौंकाने वाला बयान
दीपक की नौकरी को लेकर अक्सर रहता था विवाद
इस मामले में पत्नी शीतल ने अब तक यही बताया कि काफी समय से पति के पास कुछ काम नहीं था। इसे लेकर अक्सर विवाद रहता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि हवा सिंह का छोटा बेटा पंकज तेवतिया सेना में सिपाही हैं। वह कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में तैनात है। बेटी ज्योति की शादी हो चुकी है।
दो वर्ष पहले हुई थी दीपक की शादी
दीपक की शादी दो साल पहले बुलंदशहर के स्याना तहसील के गांव बुकलाना निवासी शीतल से हुई थी। शीतल की नौ माह की बेटी मान्या है। घटना की जानकारी मिलने पर गाजियाबाद में नौकरी कर रहे शीतल का छोटा भाई गगन भी पहुंच गया। उसके बाद अन्य परिजन पहुंचे।
दीपक और पत्नी को परेशान करने का लगाया आरोप
दीपक के साले गगन के मुताबिक वह और शीतल दो भाई-बहन हैं। बहन घर पर बैंकिंग की तैयारी में लगी है। उनके पिता की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। उसके बाद से दीपक और शीतल को परेशान किया जा रहा था। इस बारे में बहन शीतल ने घर पर भी बताया था।
इस घटना को लेकर पड़ोसी से लेकर कॉलोनी के अन्य लोग भी हैरत में हैं। लोगों के मुताबिक दीपक शांत और मिलनसार स्वाभाव का लड़का था। सभी से बातचीत करता था।
पत्नी बोली काम को लेकर ससुर मारते थे ताने
एसपी देहात कमलेश बहादुर ने पत्नी शीतल से पूछताछ के आधार पर बताया कि दो दिन पूर्व दीपक ने पत्नी को मायके जाने के लिए कहा था, लेकिन वह गई नहीं थी। शीतल के मुताबिक पति के काम को लेकर ससुर अक्सर ताने मारते थे। इस बात को लेकर घर में विवाद रहता था।