साल 2018 खेल और खिलाड़ियों के लिए काफी अच्छा रहा। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हुनर दिखाकर जिले का नाम देश ही नहीं, पूरी दुनिया में रोशन किया। शूटिंग में जिले का बोलबाला रहा। क्रिकेट में युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम रखा। शूटिंग में सौरभ चौधरी, शार्दूल विहान समेत अन्य शूटरों ने कमाल कर दिया। अन्य खेलों में भी मेरठ की धमक बढ़ी।
इबारत 2018: शानदार रहा खेलों का सफर, अंतरराष्ट्रीय फलक पर छाए मेरठ के धुरंधर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोल्डन ब्वॉय सौरभ चौधरी
10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप चीन में गोल्ड मेडल, एशियन गेम्स, यूथ ओलंपिक गेम्स, एशियन एयरगन चैंपियनशिप में लगातार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। जिले के सरूरपुर क्षेत्र के गांव कलीना निवासी सौरभ चौधरी ने शूटिंग में कमाल कर दिया। एक के बाद एक गोल्ड मेडल जीतने वाले सौरभ को लोग अब गोल्ड ब्वॉय कहने लगे हैं। किसान जगमोहन सिंह के बेटे ने पिता का नाम रोशन किया। खास बात रही जूनियर वर्ग के साथ सौरभ ने सीनियर खिलाड़ियों को पछाड़कर खुद को बुलंदियों पर पहुंचाया। राष्ट्रीय स्तर पर सौरभ ने पिछले कई सालों से बेहतरीन प्रदर्शन किया। लेकिन वर्ष 2018 में उन्होंने जो प्रतिभा शूटिंग में दिखाई उसे अद्भुत कहें तो गलत नहीं होगा। आईएसएसएफ वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप चीन में गोल्ड मेडल, एशियन गेम्स, यूथ ओलंपिक गेम्स, एशियन एयरगन चैंपियनशिप में लगातार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में उन्होंने विदेशी शूटरों का वर्चस्व खत्म कर बड़े-बड़े धुरंधरों को पछाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें सम्मानित किया।
शार्दूल विहान डबल ट्रेप शूटिंग, उम्र छोटी प्रतिभा बहुत बड़ी
मोदीपुरम के सिवाया गंाव निवासी शार्दूल विहान की उम्र 15 वर्ष है। छोटी सी उम्र में उन्होंने डबल ट्रैप शूटिंग में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ में असुविधाओं के चलते प्रतिदिन दिल्ली में शूटिंग का अभ्यास किया। साल 2018 में उन्होंने चीन में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में ब्रांज मेडल, जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा कई नेशनल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीता। जूनियर वर्ग में वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
शहजर रिजवी: 10 मीटर एयर पिस्टल, घर पर ही बना डाली शूटिंग रेंज
छोटा मवाना निवासी शहजर रिजवी 10 मीटर एयर पिस्टल के खिलाड़ी हैं। घर पर शूटिंग रेंज बनाकर अभ्यास कर उन्होंने खुद को अंतरराष्ट्रीय शूटर बनाया। साल 2018 शहजर के लिये अच्छा रहा। उन्होंने आईएसएसएफ वर्ल्डकप सहित कई अंतरराष्ट्रीय स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर खुद को साबित किया। उन्होंने चीन में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर, मैक्सिको के आईएसएसएफ वर्ल्डकप में गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल कर धूम मचा दी। रिजवी इसी साल शादी के बंधन में भी बंध गए। अब उनकी नजरें 2020 में होने वाले ओलंपिक पर हैं।
एक प्रतियोगिता में चार मेडल
महल निवासी अहवर रिजवी डबल ट्रैप शूटिंग खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2018 में कोरिया में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, जर्मनी में आयोजित जूनियर शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता। हाल में ही जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में 3 गोल्ड, एक सिल्वर मेडल हासिल किया। एक ही प्रतियोगिता में चार मेडल हासिल किये। जूनियर व सीनियर वर्ग में अहवर ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंकाया। शूटिंग में वो प्रतिदिन 8 घंटे अभ्यास कर रहे हैं। उनकी नजर 2019 में होने वाली शूटिंग प्रतियोगिताओं पर है।