मेरठ के गुदड़ी बाजार में पूर्व सांसद के भाई राशिद अखलाक, बेटे साकिब और भतीजे यासिर अखलाक ने अंधाधुंध गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। इलाके में अफरातफरी मच गई। दबंगई ऐसी कि बखेड़े के दौरान फल और सब्जियों के ठेले तक पलट दिए गए।
यूपी: अंधाधुंध फायरिंग से गुदड़ी बाजार में फैली दहशत, पूर्व सांसद के परिजनों की दबंगई का मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बच्चों के विवाद को लेकर गुदड़ी बाजार में मंगलवार सुबह से गहमागहमी चल रही थी। तीन बार दोनों पक्षों का आमना सामना हुआ। लेकिन जिम्मेदार लोग मामले को निपटाते रहे। कोतवाली थाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। रात दस बजे पूर्व सांसद शाहिद अखलाक के भाई राशिद अखलाक इस विवाद में कूद गया।
दबंगई दिखाने के लिए सरेआम हाथों में पिस्टल लेकर गुदड़ी बाजार में पहुंच गया। आरोप है कि सलाउद्दीन पक्ष की ओर से आकर 60 साल के आशिक व 15 साल के अमान को गोली मार दी। अंधाधुंध गोलियां चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई। मारपीट के दौरान सब्जी और फलों के ठेले भी पलट गए।
राशिद और साकिब की गिरफ्तारी की मांग
क्षेत्रीय और पीड़ित लोगों ने पूर्व सांसद के भाई राशिद अखलाक और बेटे साकिब की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। आरोप है कि पूर्व सांसद का परिवार दबंगई करता है और फिर सेटिंग करके पुलिस से बच जाता है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी पूर्व सांसद के परिवार की पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे से मारपीट हुई थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
रजबन बाजार से शुरू हुआ था विवाद
सदर बाजार क्षेत्र के रजबन बाजार में क्रिकेट मैच में समीर कुरैशी और शाहनवाज इलाही में विवाद शुरू हुआ था। तभी से दोनों में तनातनी थी। मंगलवार सुबह से तीन बार दोनों में विवाद हुआ, मारपीट तक हुई। इसके बावजूद भी पुलिस ने कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। बवाल होने के बाद कोतवाली पुलिस की लापरवाही उजागर हुई। एसपी सिटी ने सीओ कोतवाली से जानकारी ली और फिर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
घरों में घुसकर बचाई कई ने जान
गोलियां चलते ही लोगों ने घरों में घुसकर जान बचाई। वारदात को लेकर पूर्व सांसद के प्रति स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया। बोले कि स्थानीय लोग इस परिवार का बहुत सम्मान करते हैं। लेकिन अब इस गुंडागर्दी की हद पार हो गई है।