कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठन आज पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर रहे हैं। मेरठ समेत सभी जिलों में किसानों संगठनों ने विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन आंदोलन के समर्थन में विरोध प्रदर्शन को लेकर अलर्ट है। सभी जिलों में सपा, कांग्रेस, आप पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है।
Farmers Protest: पश्चिमी यूपी में कलक्ट्रेट पर किसानों का हल्ला बोल, नेताओं की धरपकड़ जारी, कई नजरबंद
सहारनपुर में आज किसान संगठन कृषि कानूनों के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन करेंगे। सपा रालोद और आप कार्यकताओं के प्रदर्शन करने की बात कही गई है। प्रशासन के अनुसार आंदोलन को लेकर किसानों की कलक्ट्रेट से लेकर तहसील तक निगरानी की जाएगी। उधर, पुलिस ने सोमवार सुबह से ही सपा व रालोद नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद करना शुरू कर दिया गया। रालोद के प्रदेश महासचिव अय्यूब हसन को पुलिस ने उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आदित्य के घर पर भी सुबह ही पुलिस पहुंच गई। बेहट विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य रागिब अली को उनके समर्थकों सहित गांव रसूलपुर कलां में पुलिस ने नजरबंद कर दिया। हकीकतनगर में धरनास्थल पर पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं धरना प्रदर्शन शुरू किया। वहीं सपा के नगर विधायक संजय गर्ग अपने घर से बाहर निकले, लेकिन उन्हें दरवाजे पर ही पुलिस ने रोक लिया। सपा जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ तीतरो में अपने आवास के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। ।
मुजफ्फरनगर में आंदोलन को लेकर सुबह से ही किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू हो गई। पुलिस ने पूर्व विधायक राजपाल बालियान को नजरबंद किया। तितावी थानाक्षेत्र में भाकियू नेता विदित मलिक को सुबह चार बजे उनके मकान में ही नजरबंद कर दिया। जिला उपाध्यक्ष राजीव लाटियान को थाने में बैठाया।
इसके अलावा किसानों के समर्थन में सपा के धरना प्रदर्शन से पूर्व ही सपा नेता शमशेर मलिक गिरफ्तार कर लिया। वहीं भोपा में सपा नेता हाजी लियाकत अली के आवास पर देर रात से ही पुलिस का पहरा लगा हुआ है। हाजी लियाकत अली व उनके पुत्र अंजुम कमाल को भी नजरबंद कर दिया गया है।
शामली में एसटी तिराहे पर किसान प्रदर्शन के लिए पहुंचेंगे। यहां से प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट जाएंगे। दो घंटे धरना देने के बाद ज्ञापन दिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के साथ भारतीय किसान संगठन एवं किसान यूनियन के नेता भी कलक्ट्रेट पहुंचेंगे।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों को प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति नहीं दि है। सपा ने प्रदर्शन की घोषणा की है, जबकि रालोद कार्यालय पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ करेगा। पुलिस ने जिले में कई सपा व कांग्रेस नेताओं को घेरने में लग गई है।
बिजनौर में आप के प्रदेश सह प्रभारी निर्मल मिश्रा को अफजलगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रात लगभग साढ़े बारह बजे पुलिस ने उन्हें घर से उठाया और थाने भेज दिया। जिले में आज के किसानों के जिला मुख्यालयों के प्रदर्शन को देख गैर भाजपा दलों के नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात की गई है।
जिले मुख्यालय पर किसानों को आंदोलन से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश सहित कई सपा नेताओं के घर पर पुलिस का पहरा लगा हुआ है। कांग्रेस व आप पार्टी के कई नेता हिरासत में लिए गए है।