कृषि कानूनों के विरोध में किसान आरपार की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं। किसान संगठनों ने आज पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन व हाईवे जाम करने का एलान किया है।
किसान आंदोलन: मेरठ में सपा नेता अतुल प्रधान सहित 50 गिरफ्तार, बिजनौर में किसानों ने तोड़ी बेरिकेडिंग
मेरठ में किसानों के समर्थन में कमिश्नरी पर प्रदर्शन कर रहे सपा समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हें गाड़ी में आंबेडकर भवन गंगानगर ले गई। इस दौरान सपाइयों ने खूब नारेबाजी की। अतुल प्रधान समेत कई सपाइयों को पुलिस को खींचकर गाड़ी में डालना पड़ा उन्होंने विरोध किया। अतुल प्रधान के घर पर पुलिस थी। उन्हें नजरबंद किया गया था, लेकिन वह पीछे के रास्ते से निकल आए और कमिश्नरी पहुंच गए। उनके अलावा पार्टी बड़े नेताओं में सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ही कमिश्नरी पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। हालांकि सपाई इसे शांतिपूर्वक प्रदर्शन बता रहे थे। लेकिन जब पुलिस ने सपाइयों को हिरासत में लेना शुरू किया तो हंगामा हो गया।
सपा नेताओं का कहना है कि समाजवादी कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर किसानों के आंदोलन से पीछे हटने वाले नहीं हैं। किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा और किसान आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते रहेंगे। थोड़ी देर बाद पूर्व मंत्री अब्बास और गोपाल अग्रवाल समेत कुछ और सपाई भी प्रदर्शन करने के लिए कमिश्नरी पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। सपाई अखिलेश यादव जिंदाबाद और यूपी सरकार मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।
बिजनौर में किसान कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़ डाली जिसके बाद किसान भारी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। जिले में धरना-प्रदर्शन को लेकर चिन्हित स्थानों पर भारी पुलिसबल तैनात है। जिले में आज के किसानों के जिला मुख्यालयों के प्रदर्शन को देख गैर भाजपा दलों के नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात की गई है।
सहारनपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं के कलक्ट्रेट पहुंचने से पहले ही कलक्ट्रेट गेट पर पुलिस और आरआरएफ तैनात कर दी गई। सपा विधायक संजय गर्ग ने कार्यकर्ताओं सहित अपने घर के बाहर ही धरना शुरू किया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करके अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें: Farmers Protest: पश्चिमी यूपी में कलक्ट्रेट पर किसानों का हल्ला बोल, नेताओं की धरपकड़ जारी, कई नजरबंद
बागपत में किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम करने का एलान किया है। भाकियू ने राजनीतिक दलों के झंडे, टोपी और बैनर को कलक्ट्रेट में नहीं घुसने देने की बात कही है। उधर, पुलिस ने मेरठ रोड पर सपा जिला अध्यक्ष बिल्लू प्रधान को उनके आवास पर नजरबंद किया है। रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन कार्यालय पर नजरबंद कर दिया।