मेरठ के हापुड़ रोड स्थित जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी के पास सोमवार दोपहर हाईटेंशन लाइन का जर्जर विद्युत तार टूटकर एक युवक के सीने पर गिरा। हादसे में वह बुरी तरह झुलस गया। गनीमत रही कि कुछ लोगों ने जान पर खेलकर लकड़ी से तार हटाया और उसे निजी अस्पताल भिजवाया। यह युवक तीन महिलाओं और एक बच्चे के साथ ई-रिक्शा का इंतजार कर रहा था। हादसे में महिलाएं और बच्चा तो बच गए, जबकि यह युवक चपेट में आ गया। तार उसके सीने से चिपक गया।
खौफनाक: मेरठ में विद्युत तार टूटकर युवक पर गिरा, सीने से उठा धुआं, लोगों ने जान खतरे में डालकर बचाया
तार हटाने के बावजूद करंट बंद नहीं हुआ। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने करंट से झुलसे युवक को अस्पताल पहुंचा दिया। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया, तब जाकर लाइन से करंट कट हुआ।
सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना कि अस्पताल में नदीम की हालत गंभीर बनी है। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर युवक की हालत देखी। युवक के परिजनों को आश्वासन दिया कि आप लोग अच्छा इलाज कराओ। निगम से आर्थिक मदद का प्रयास करेंगे।
जर्जर लाइन, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा
लोगों ने बताया कि हापुड़ रोड सहित कई जगहों पर एचटी लाइन जर्जर हालत में है। कई जगह हादसे हो चुके हैं। नदीम के साथ हुआ हादसा सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दे रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसका फुटेज देखकर हर कोई हैरान रह गया। ऐसा हादसा किसी के साथ भी हो सकता है।
भीड़ के बीच तार गिरता तो ज्यादा होता नुकसान
जिस समय हादया हुआ, उस समय हापुड़ रोड पर काफी भीड़ थी। एचटी लाइन का तार गिरने से लोगों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि यह तार भीड़ पर नहीं गिरा। क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क के ऊपर जर्जर लाइन को नहीं हटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना कि सीटीटीवी कैमरे में हादसा कैद हुआ है। मामला गंभीर है। इस बारे में विद्युत निगम के अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।