प्रियंका गांधी का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोला। उनके आने की सूचना मिलते ही न केवल अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया, बल्कि तीमारदार भी इंतजार करने लगे। आसपास के लोग और दुकानदार भी सड़क पर खड़े हो गए। प्रियंका गांधी, राजबब्बर और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे ही अस्पताल पहुंचे। प्रियंका ने अस्पताल रिसेप्शन पर बैठे कर्मियों से न केवल पूरे उत्साह के साथ बात की, बल्कि उनसे हाथ भी मिलाया। अस्पताल कर्मियों और गार्डों ने उनके साथ सेल्फी ली। प्रियंका कई तीमारदार महिलाओं से भी मिलीं। एक बुजुर्ग महिला ने प्रियंका को आशीर्वाद दिया। कई महिलाएं तो यह तक बोलीं कि बिल्कुल अपनी दादी इंदिरा गांधी की तरह दिखती है। खास बात यह है कि अभिनेता राज बब्बर का स्टारडम प्रियंका गांधी के सामने फीका नजर आया। वहीं प्रियंका गांधी और चंद्रशेखर की मुलाकात से बसपा में बेचैनी बढ़ गई। आगे देखें कुछ खास तस्वीरें:-
प्रियंका की जमकर तारीफ और बसपा में बेचैनी, फीका पड़ा राजबब्बर का स्टारडम, देखें खास तस्वीरें
भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर को देखने के लिए आनंद अस्पताल पहुंचीं प्रियंका गांधी को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। जब वे चंद्रशेखर के रूम नंबर 210 में पहुंचीं तो वहां मीडिया कर्मियों और कांग्रेसियों की भारी भीड़ देख वह असहज हो गईं। प्रियंका गांधी ने इस माहौल में मुलाकात करने से मना कर दिया। हालांकि काफी देर बाद प्रियंका ने चंद्रशेखर से मुलाकात की।
प्रियंका के आगे फीका पड़ा राजबब्बर का स्टारडम
फिल्म अभिनेता राजबब्बर बड़े स्टार रहे हैं। उन्होंने कई बेहतरीन फिल्मों में अपनी अदाकारी से करोड़ों लोगों को अपना दीवाना बनाया है। स्टारडम के दम पर ही वे पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हरा चुके हैं। लेकिन बुधवार को उनका स्टारडम प्रियंका गांधी के सामने फीका नजर आया। उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे। लेकिन हर किसी की नजर प्रियंका पर ही टिकी थी। अस्पताल स्टाफ, तीमारदार, बाहर एकत्र लोग सभी उन्हें देखना चाहते थे। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली।
ट्विटर के टॉप ट्रेंड में शामिल भीम आर्मी और चंद्रशेखर
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की चंद्रशेखर से मुलाकात के बाद ट्विट करने का दौर शुरू हुआ। एक घंटे बाद ही देश के टॉप 10 ट्विटर ट्रेंड में भीम आर्मी और चंद्रशेखर छा गया। यूजर्स ने ट्विटर पर इस मुलाकात को राजनीति में बड़ी घटना के तौर पर लिया।
प्रियंका के दौरे से बसपा में बेचैनी
प्रियंका गांधी के चंद्रशेखर से मुलाकात के बाद बसपाइयों में बेचैनी का आलम है। इस बाबत बसपा सुप्रीमो मायावती को रिपोर्ट भेजी गई है। बसपाइयों को आशंका है कि प्रियंका का यह दांव कहीं भारी न पड़ जाए। गठबंधन में कांग्रेस के शामिल होने, न होने को लेकर तमाम चर्चाओं का बाजार गरम था। इस पर गत दिवस मायावती ने विराम लगा दिया था। यह कहते हुए कि कांग्रेस से कोई समझौता नहीं हो रहा है। इस गठबंधन से कांग्रेस को दूर रखा गया है। इस पर तत्काल कांग्रेस ने भी तीखे तेवर दिखाए और बुधवार को ही अपनी तुरुप की चाल चलने की कोशिश की।