ईद-उल-अजहा के त्योहार पर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। पश्चिमी यूपी के अलग-अलग इबादतगाहों पर अलग-अलग समय पर नमाज हुई। वहीं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोगों ने देश की तरक्की और अमन चैन की दुआ मांगी देखें बकरीद के दौरान नमाज की शानदार तस्वीरें: -
पश्चिमी यूपी में कड़ी सुरक्षा के बीच पढ़ी गई ईद-उल-अजहा की नमाज, देखें ये खूबसूरत तस्वीरें
आज ईद-उल-अजहा की नमाज मेरठ समेत पश्चिम के विभिन्न जिलों में सुबह पौने आठ बजे पढ़ी गई। इस दौरान मेरठ में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहे। हापुड़ अड्डा, देहलीगेट, लालकुर्ती, एल ब्लॉक, घंटाघर, बेगमपुल, मछेरान समेत विभिन्न स्थलों पर नमाज पढ़ी गई।
मेरठ में नमाज के दौरान मौलानाओं ने युवाओं को सड़कों पर स्टंट और बदतमीजी न करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हमारी तालीम यह बताती है कि हमे अल्लाह के बताए रास्ते पर चलना है। हम खुशहाली के लिए सोचें, अल्लाह ही अमन और हुक़ूक़ देने वाला है। जो लोग परेशान हैं, उनकी परेशानी दूर करें। अल्लाह से अस्वस्थ और मरहूम लोगों के लिए दुआ करें। तमाम बुराईयों को छोड़ दें।
मेरठ देहात क्षेत्र के मवाना में अकीदतमंदों ने ईदगाह के बाहर सड़क पर नमाज अदा कर दुआ की। वहीं खरखौदा, सरधना व किठौर में बड़ी संख्या में लोग बकरीद की नमाज के लिए एकत्र हुए।
बागपत जिले में सुबह पौने आठ बजे ईद की नमाज हुई। इस दौरान पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पूरे जिले को तीन जोन और दस सेक्टर में बांटा गया है। वहीं डीएम शकुंतला गौतम और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ईदगाह पर ही मौजूद रहे।