यूपी के सरधना में रविवार शाम बीस वर्षीय युवक की सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। यहां कस्बे के मोहल्ला पीरजादगान निवासी युवक की उसके दोस्त ने ही चलती स्कूटी पर धारदार हथियारों से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने उसे कॉल करके घर से बुलाया था। इसके बाद रजवाहा पटरी पर वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर सोमवार सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नामजद हत्यारोपी को गिरफ्तार किया। आगे जानें पूरी कहानी: -
दोस्त की दर्दनाक हत्या: फोन करके घर से बुलाया, फिर चलती स्कूटी पर ही काट डाला गला
मोहल्ला पीरजादगान निवासी फरमान (20) पुत्र अलीहसन छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। फरमान की अशोक स्तंभ के पास कपड़े की दुकान है। वह पिता के साथ दुकान पर बैठता था। परिजनों ने बताया कि फरमान के मोबाइल फोन पर रविवार देर शाम कॉल आई। फरमान उस वक्त खाना खा रहा था। फरमान ने बताया कि मनिहार का फोन है। इसके बाद वह पड़ोसी की स्कूटी लेकर चला गया। देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। परिजन थाने पहुंचे और फरमान के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी।
कस्बे के लोगों ने सोमवार सुबह लोकप्रिय इंटर कॉलेज रोड स्थित सब्जी मंडी के पास रजवाहा में सफेद रंग की स्कूटी पड़ी देखी। वहीं, एक युवक का शव भी पड़ा था। उसकी गर्दन रेतने के अलावा चेहरे पर भी हमले के निशान थे। पहचान मिटाने के लिए शव को चेहरे को भी कुचला गया था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शनाख्त का प्रयास किया।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। तभी फरमान के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शनाख्त की। इंस्पेक्टर सरधना प्रशांत कपिल, सीओ संतोष कुमार और एसपी देहात राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। पुलिस ने मोबाइल की सीडीआर निकलवाई। इसमें मोहल्ले के जावेद पुत्र अमीर आजम का नाम सामने आया। फरमान के पिता अली हसन ने जावेद को नामजद व अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
बेइज्जत करता था इसलिए मार डाला
इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने बताया है कि मोबाइल पर जावेद की बात हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात राजेश कुमार के मुताबिक आरोपी जावेद ने बताया कि फरमान उसको बेइज्जत करता था। इससे उसकी बदनामी हो रही थी। जावेद ने बदला लेने के लिए फरमान की हत्या कर दी।
हालांकि दोनों दोस्त थे और पशुओं के काटने का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक जावेद स्कूटर पर फरमान के पीछे बैठा था। जावेद ने फरमान से कहा कि स्कूटर जंगल में लेकर चल। जिस पर फरमान आनाकानी करने लगा। जावेद ने चाकू निकाला और चलते स्कूटर पर फरमान की गर्दन काट दी। स्कूटर गिर गया। फरमान ने शोर मचाया, तभी जावेद ने चाकू से उस पर कई वार किए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/