ढोलीगांव ओखलकांडा ब्लॉक के पैजेना तल्ला कांडा में एक युवा व्यापारी को गोली मार दी गई। गोली लगने से घायल व्यापारी को ढोलीगांव के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एसडीएम रेखा कोहली ने आपसी रंजिश के चलते फायर झोंकने की बात कही है।
पैजना तल्ला कांडा के युवा व्यापारी योगराज सिंह (25) पुत्र रणजीत सिंह की गांव में जनरल स्टोर की दुकान है। सोमवार शाम कुछ युवक योगराज सिंह की दुकान में घुस आए और उसे गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 15 से 18 लोग तीन कारों में सवार होकर आए और उन्होंने बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर व्यापारी योगराज को घायल कर दिया।
इसके बाद वे दुकान के गल्ले से हजारों रुपये का माल साफ कर ले गए और उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ भी की। घायल व्यापारी के सिर से खून निकलता देख स्थानीय लोग उसे ढोलीगांव के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत स्थिर है।
पटवारी रवि पांडे ने बताया कि किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम रेखा कोहली ने बताया कि मामला रंजिश का लग रहा है। आरोपी चंपावत जिले के बताए जा रहे हैं, इसलिए घटना की सूचना चंपावत पुलिस को दी गई है।
ढोलीगांव ओखलकांडा ब्लॉक के पैजेना तल्ला कांडा में फायर झोंकने के आरोपी चंपावत की ओर भागे। इसकी सूचना मिलने पर चंपावत पुलिस सतर्क हो गई। चंपावत के एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि सभी थाना, चौकियों को अलर्ट किया गया है। चंपावत, लोहाघाट, पाटी, देवीधुरा, खेतीखान में नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। रात तक आरोपी नहीं पकड़े जा सके।