उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में अपराधियों ने 24 घंटे के भीतर पुलिस को दो बार खुली चुनौती दे दी। जहां अपराधी सोमवार की देर रात को जनपद के सरसावा क्षेत्र में केनरा बैंक के एटीएम को उखाड़कर ले गए थे तो वहीं अपराधियों ने मंगलवार की रात को फिर से एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। अब अपराधी एसबीआई के एटीएम को उखाड़कर ले गए हैं। जिसमें 17 लाख रुपये कैश बताया गया है। आगे जानिए पूरा अपडेट-
खाकी को खुली चुनौती... एटीएम को ऐसे उखाड़ ले गए शातिर अपराधी, 17 लाख की लूट से हड़कंप, देखें तस्वीरें
सहारनपुर-दिल्ली हाईवे पर एसबीआई की इंडस्ट्रियल शाखा के एटीएम को उखाड़ लिया गया। इसमें करीब 17 लाख रुपये की नगदी थी। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब बैंक का स्टाफ यहां काम करने के लिए पहुंचा। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईवे और वीआईपी इलाके में दिया वारदात को अंजाम
यह वारदात सहारनपुर दिल्ली हाईवे पर हुई है। यह हाईवे यूपी को सीधे राजधानी दिल्ली से जोड़ता है। घटनास्थल थाना सदर क्षेत्र की हसनपुर चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर है। बराबर में ही मंडलायुक्त कार्यालय, विकास भवन से लेकर अन्य सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। ऐसे क्षेत्र में वारदात कर खाकी को खुली चुनौती दी गई है।
कहीं एक ही गिरोह का काम तो नहीं
दिल्ली रोड पर इस घटना से पहले सहारनपुर अंबाला हाईवे पर एटीएम को उखाड़ा गया था। लगातार दो घटनाएं हाईवे पर ही की गई हैं। दोनों वारदात में एटीएम उखाड़ा गया है। ऐसे में यह भी जांच की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाला एक ही गिरोह तो सक्रिय नहीं हो गया है।
बैंकों में चेकिंग, एटीएम भगवान भरोसे
बैंकों और एटीएम में आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए बहुत पहले से ही लगातार चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। दिन के समय कुछ बैंकों में तो पुलिस टीमें चेकिंग कर अपना काम पूरा कर लेती है। मगर हाईवे से लेकर अन्य क्षेत्रों में ज्यादातर एटीएम भगवान भरोसे ही हैं। अधिकतर एटीएम पर अब सिक्योरिटी के लिए गार्ड तक नहीं हैं। रात में ये एटीएम बिना गार्ड के ही भगवान भरोसे होती हैं।एसबीआई के मुख्य प्रबंधक अनिल आर्य भी मानते हैं कि जरूरत के अनुरूप सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। इसकी निगरानी का जिम्मा ज्यादातर सिविल पुलिस पर ही रहता है।