बिहार: किशोरी को घर से खींचकर ले जाने का आरोप, बैड टच का विरोध किया तो पीटा; आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके में बुधवार देर शाम किशोरी से छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि ललित कुमार पिछले करीब तीन महीने से उनकी तीनों बेटियों को परेशान कर रहा था।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके में बुधवार देर शाम किशोरी से छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी ने जब छेड़खानी का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी गहमागहमी हो गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
किशोरी को जबरन घर ले जाने का प्रयास करने का आरोप
पूरी घटना को लेकर पीड़िता किशोरी के परिजनों ने बताया कि पास में रहने वाला आरोपी ललित कुमार कपड़ों में आयरन करने का काम करता है। परिजनों का आरोप है कि वह पिछले करीब तीन महीने से उनकी तीनों बेटियों को लगातार परेशान कर रहा था और उनके साथ छेड़खानी करता था। आरोपी की हरकतों से परिवार परेशान था और बच्चियां भी काफी सहमी हुई थीं।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार देर शाम जब बच्चियां घर के बाहर मौजूद थीं, तभी आरोपी ने उनमें से एक किशोरी को जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि वह किशोरी को खींचकर अपने घर ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान दो अन्य बच्चियां किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं और उन्होंने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
विरोध करने पर मारपीट, घायल किशोरी अस्पताल में भर्ती
परिजनों ने बताया कि जब किशोरी ने आरोपी की हरकत का विरोध किया तो वह गुस्से में आ गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।
भीड़ ने आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चियों के साथ हुई घटना की जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।