मेरठ में रेड कॉरपेट बैंक्वेट हॉल में विवाह समारोह के दौरान बेटी की हत्या के बाद पूरा परिवार सदमे में है। पिता और भाई गुमसुम हैं तो मां अपनी बेटी की फोटो छाती से लगाए हत्यारे को फांसी दिलाने की मांग कर रही है। मां का कहना है कि बेटी की हत्या करने वाले को फांसी दी जाए। वहीं, पिता के दिल में यही कसक है कि अगर वह शादी में होते तो शायद बेटी जिंदा होती।
जिंदगीभर का गम: बेटी के फोटो को छाती से लगाकर रो रही मां, सदमे में पिता, भाई बोले- अब कौन बांधेगा राखी
बृजघाट पर हुआ अस्थि विसर्जन
सूरजकुंड पर अंतिम संस्कार के बाद परिजनों ने गुरुवार को बृजघाट पर जाकर अस्थि विसर्जन किया। इसके बाद घर पर हवन हुआ और शाम को फिर से पूरा परिवार दीपदान के लिए बृजघाट रवाना हो गया। घर पर रिश्तेदारों का आना-जाना लगा है और वे परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
बैंक्वेट हॉल संचालकों पर लगाया आरोप
पोस्टमार्टम हाउस के सामने पीड़ित परिवार की महिलाओं ने सुबह 9:30 जाम लगाया। जागृति विहार और शास्त्रीनगर के लोग वहां पहुंचे। युवती के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस-प्रशासन, सांसद राजेंद्र अग्रवाल और विधायकों के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ ने धमकी दी कि वाहनों में आग लगा देंगे। आरोप लगाया कि उनकी बेटी को अगवा कर आरोपियों ने दरिंदगी की और फिर सिपाही के साथ मिलकर बैंक्वेट हॉल संचालक अंशुल गोयल और विकास गुप्ता ने उसे मार डाला। तीनों को गिरफ्तार किया जाए।
पूर्व विधायक के कहने पर भी नहीं खोला था जाम
मेडिकल कॉलेज के पास जाम की सूचना पर एसपी सिटी के साथ पूर्व विधायक रविंद्र भड़ाना भी मौके पर पहुंचे थे। रविंद्र भड़ाना ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी भी आए और सांत्वना दी। लेकिन परिजनों और लोगों ने जाम नहीं खोला था।
कांग्रेसियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग थी
जाम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, कुलदीप शर्मा, रोबिन नाथ उर्फ गोलू भाई, अनिल शर्मा समेत कांग्रेसी पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार से कहा कि वे उनके साथ हैं।