मेरठ में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए शास्त्रीनगर सेक्टर-13, सूर्य नगर सिविल लाइन और कोतवाली के सराय बहलीम समेत जिले के 11 इलाकों में बुधवार रात 12 बजे से 14 अप्रैल तक सुपर लॉक डाउन लागू कर इन इलाकों को सील कर दिया गया है। जिले के नौ थाना क्षेत्रों में 11 ऐसे हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इन हॉट स्पॉट के एक-एक किमी का एरिया में सभी दुकानें बंद होने के साथ ही किसी भी तरह की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस-प्रशासन द्वारा ही आवश्यक सेवाओं को सुचारु रखा जाएगा।
मेरठ के ये हॉट स्पॉट पूरी तरह सील, देर रात सड़कों पर उतरे पुलिस अधिकारी, देखें तस्वीरें
मेरठ में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए जिले के 11 इलाकों में बुधवार रात 12 बजे से 14 अप्रैल तक सुपर लॉकडाउन लागू कर इन इलाकों को सील कर दिया गया है।
एसएसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार मेरठ में 11 हॉट स्पॉट माने गए हैं। जहां पर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन 11 हॉट स्पॉट में सात एपी सेंटर बनाए गए हैं। नौचंदी, कोतवाली, सिविल लाइन, लिसाड़ी गेट, खरखौदा, सरधना, मवाना और सरूरपुर के इन 11 हॉट स्पॉट (इलाकों) में कोई भी व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकलेगा और बाहर का कोई भी व्यक्ति इन इलाकों में प्रवेश नहीं करेगा। इन इलाकों को पूरी तरह से सील कर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। केवल जो लोग पुलिस-प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए हैं, वही खाने-पीने का आवश्यक सामान इन इलाकों में पहुंचाएंगे।
जरूरत हो तो पुलिस-प्रशासन को बताएं
एसएसपी के अनुसार यहां पर रहने वाले लोगों को घर से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। यहां कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। किसी को इमरजेंसी या फिर किसी सामान की जरूरत होगी तो वह पुलिस-प्रशासन को अवगत कराएगा। इसको लेकर पुलिस कंट्रोल रूम 112, 9454458044 या प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा निर्धारित लोग ही वहां पर सामान पहुंचाएंगे।
ये इलाके पूरी तरह से सील
चिह्नित थाना हॉट स्पॉट (चिह्नित मोहल्ला/स्थान/गांव/कस्बा)
नौचंदी शास्त्रीनगर सेक्टर-13
कोतवाली मकान नंबर 287, सराय बहलीम, सोहराब गेट
सिविल लाइन मकान नंबर 253, हरनाम दास रोड,
बी-65 सूर्य नगर
खरखौदा/लिसाड़ी गेट हुमायूं नगर (हकीमुद्दीन मस्जिद से जमना नगर रोड)
सरधना आजाद नगर कॉलोनी मदीना मस्जिद
फलावदा महलका
मवाना मोहल्ला कल्याण सिंह (अराफात वाली मस्जिद)
मोहल्ला मुन्ना लाल (छप्पर वाली मस्जिद)
मोहल्ला बड़ा महादेव (एएस डिग्री कॉलेज)
सरूरपुर खिवाई
जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि कोरोना वायरस की चेन तोड़ना बेहद जरूरी है। बगैर चेन तोड़े हम सफलता नहीं पा सकते हैं। इसलिए हॉट स्पॉट चिह्नित करते हुए इस चेन को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कोई भी इसका उल्लंघन करता है तो सख्त कार्रवाई होगी। लेकिन जनता को परेशानी न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा गया है। उनके लिए होम डिलीवरी की पूरी व्यवस्था की गई है। इसलिए लोग इसे अन्यथा न लें और इस महामारी से लड़ने में सहयोग दें।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/